भोपाल से दिल्ली तक तीन जगह बदलेगी वंदे भारत की रफ्तार

ग्वालियर,न.सं.। भोपाल से शुरू होकर नई दिल्ली निजामुद्दीन स्टेशन तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की गति तीन बार बदलेगी। इसमें रानी कमलापति स्टेशन से 120 किमी प्रति घंटे से शुरू होकर आगरा कैंट तक 130 किमी की गति पकड़ेगी। यहां से 160 किमी प्रति घंटे से दिल्ली के लिए दौड़ेगी।
रानी कमलापति स्टेशन से 120 किमी की गति से ट्रेन आगे बढ़ेगी। ललितपुर से आगरा कैंट स्टेशन तक 130 किमी प्रति घंटा और आगरा कैंट स्टेशन से नई दिल्ली निजामुद्दीन स्टेशन तक इसकी गति 160 किमी प्रति घंटा हो जाएगी। इसकी नियमित समय की बात करें तो भोपाल से सुबह 5.40 बजे चलेगी और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर 8.46 बजे पहुंचेगी। ग्वालियर स्टेशन पर 9.48 बजे और आगरा कैंट स्टेशन पर दोपहर 11.23 बजे व दो मिनट के ठहराव के बाद 1.10 बजे निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।
महाकौशल एक्सप्रेस का समय बदला
वंदे भारत के संचालन के चलते रविवार से निजामुद्दीन-जबलपुर महाकौशल एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया है। रेलवे स्टेशन पर रात्रि 7.40 के बदले अब शाम 5.47 बजे पहुंचेगी।
आज से होगा नियमित संचालन
वंदे भारत का नियमित संचालन तीन अप्रैल से होगा। वहीं अब तक 400 टिकटों की बुकिंग हुई है। सबसे अधिक बुकिंग चेयरकार श्रेणी में हुई है।
लेट हुई तो आएगी भी लेट
वंदे भारत एक्सप्रेस का भोपाल-दिल्ली को एक ही रैक मिला है। यानी यदि भोपाल से जाने वाली ट्रेन लेट हुई तो आने वाली ट्रेन भी लेट होगी। रानी कमलापति से हजरत निजामुद्दीन ट्रेन दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर पहुंचेगी। दोपहर दो बजकर 40 मिनट पर हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से रवाना होगी और रात 10 बजकर 10 मिनट पर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन लौटेगी।
