निर्देशों के बाद भी फीवर क्लीनिकों पर नहीं बढ़ाई सैम्पलिंग

ग्वालियर, न.सं.। जिले में कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जांच उनके घर के पास ही हो सके। इसके लिए शासन के निर्देश पर जिले में 22 फीवर क्लीनिकें संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा फीवर क्लीनिकों पर ज्यादा से ज्यादा सैम्पलिंग करने के कई बार निर्देश भी दिए जा चुके हैं। लेकिन जिला अस्पताल को छोड कर अधिकांश फीवर क्लीनिकों सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गई हैं। जिसका उदाहरण क्लीनिकों पर की जा रही सैम्पलिंग ही है। रविवार को आई रेपिड एंटीजन किट रिपोर्ट में सिर्फ 124 नमूनों की ही जांचें की गईं। जिसमें 11 संक्रमित सामने आए। इतना ही नहीं इन अधिकांश क्लीनिकों पर आरटीपीसीआर के लिए भी नमूने नहीं लिए जा रहे। जिस कारण मरीजों को मुरार जिला अस्पताल या जयारोग्य चिकित्सालय जाकर घंटों लाइन में परेशान होना पड़ रहा है।
इन क्लीनिकों पर हुए इतने नमूने
- मुरार जिला अस्पताल 78 नमूनों में 6 संक्रमित
- हाथीखाना में 8 में शून्य संक्रमित।
- हेम सिंह की परेड क्लीनिक में 5 नमूनों में शून्य संक्रमित।
- बहोड़ापुर में 2 में शून्य संक्रमित।
- लधेडी में 2 में शून्य संक्रमित।
- पुरानी छावनी में 3 में 1 संक्रमित।
- डीडी नगर फीवर क्लीनिक में 4 में 1 संक्रमित।
- थाटीपुर में 8 में 2 संक्रमित।
- गुढ़ा-गुढ़ी नाका में 2 नमूनों में शून्य संक्रमित।
- जनकगंज में 4 नमूनों में शून्य संक्रमित।
- फालका बाजार में 6 में 1 संक्रमित।
- उटीला में 2 में शून्य संक्रमित।
