सज गया रावणों का बाजार, कल होगा दहन

सज गया रावणों का बाजार, कल होगा दहन
X
कन्या पूजा में छोटी-छोटी बालिकाओं का पूजन और उन्हें भोजन कराने के बाद ही व्रत-पूजा संपन्न मानी जाती है। ये बालिकाएं ही देवी दुर्गा का स्वरूप होती हैं।

ग्वालियर। दशहरा का त्योहार 24 अक्टूबर मंगलवार को मनाया जाएगा। दशहरा के लिए शहर में रावणों का बाजार सज चुका है। बाजार में दो से पन्द्रह फीट के रावण 100 से 4000 रुपए में बेचे जा रहे हैं। रावणों की बिक्री सोमवार और मंगलवार को होगी। यह रावण बांस और घास से बने हुए हैं। इन सभी पर रावण के मुखौटे लगाए गए हैं।

आज होगा कन्या पूजन:-

नवदुर्गा महोत्सव अब समापन की ओर आ गया है। रविवार अष्टमी के दिन माता का पूजन कर हवन आदि किए गए। सोमवार के दिन नवमी मनाई जाएगी। इस दिन कन्याओं का पूजन कर उन्हें उपहार आदि प्रदान किए जाएंगे। ज्योतिषाचार्य डॉ. एचसी जैन के अनुसार नवरात्रि में कन्या पूजन करने से मां की विशेष कृपा होती है। कन्या पूजा में छोटी-छोटी बालिकाओं का पूजन और उन्हें भोजन कराने के बाद ही व्रत-पूजा संपन्न मानी जाती है। ये बालिकाएं ही देवी दुर्गा का स्वरूप होती हैं।

महानवमी कन्या पूजा मुहूर्त:-

ज्योतिषाचार्य के अनुसार अश्विन शुक्ल महानवमी यानि दुर्गानवमी तिथि 22 अक्टूबर को रात 07:58 से 23 अक्टूबर सोमवार को शाम 05:44 तक रहेगी। सुबह का मुहूर्त 06:27 से 07:51 तक रहेगा। दोपहर का मुहूर्त 1:30 से 02:55 तक रहेगा। ज्योतिषाचार्य के अनुसार कन्या पूजन में दो से दस वर्ष तक की कन्याओं को आमंत्रित करें। भोजन कराने से पूर्व कन्याओं के चरण धोंए और उन्हें उचित स्थान पर बैठाएं। इसके साथ एक बालक को भी आमंत्रित करें। इसके बाद कन्याओं के माथे पर अक्षत और कुमकुम लगाएं और पूजन करें। चुनरी ओढाकर भोजन कराएं। कन्याओं को दक्षिणा देकर उनके पैर छुएं और आशीर्वाद प्राप्त करें। दक्षिणा में कन्याओं को लाल रंग के वस्त्र, श्रृंगार सामग्री, नारियल, मिठाई, शिक्षा से जुड़ी सामग्री कन्याओं को भोजन उपरांत यथा शक्ति भेंट स्वरूप दें।

Tags

Next Story