रायरू गुड्स शेड बनेगा विश्वस्तरीय, मास्टर प्लान होगा तैयार

ग्वालियर,न.सं.। उत्तर मध्य रेलवे का झांसी मंडल अब रायरू गुड्स शेड को विश्वस्तरीय बनाएगा। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। यहां लेबर के लिए शेड, कैंटीन और टायलेट आदि की उचित व्यवस्था के साथ ही वेयर हाउस, सिग्नल, प्रकाश व्यवस्था, आफिस काम्प्लेक्स भी तैयार किए जाएंगे। बुधवार को झांसी मंडल के डीआरएम आशुतोष ने रायरू गुड्स शेड का निरीक्षण किया। उन्होंने गुड्स शेड के साइट प्लान को भी देखा और अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने भू-अर्जन के संबंध में संभागीय आयुक्त दीपक सिंह और कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के साथ भी चर्चा की।
रायरू गुड्स शेड में वर्तमान में प्रतिमाह औसतन 30 रैक अनलोड होते हैं, इसके साथ ही 8 रैक लोड होते हैं। डीआरएम ने इसको भी बढ़ाए जाने की प्लान पर विस्तृत चर्चा संबंधित अधिकारियों से की। भविष्य में विकसित होने पर गुड्स शेड में ट्रकों के पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों से हुई चर्चा के दौरान ग्वालियर स्टेशन के पुनर्विकास के साथ ही बिरला नगर रेलवे स्टेशन के विकास, पहुंच मार्ग व ट्रेनों के स्टापेज का पर भी बातचीत की गई।
लदान-उतरान के लिए बनेगा महत्वपूर्ण केन्द्र
मंडल रेल प्रबंधक श्री आशतोष ने प्रशासनिक अधिकारियों को बताया कि रायरू को रेलवे अब मालगाडिय़ों के लिए लदान-उतरान का महत्वपूर्ण केंद्र बनाना चाहता है। यहां विश्वस्तरीय गुड्स शेड बनाने की योजना बनाई है। दिल्ली के नजदीक होने के कारण राजस्थान, उत्तर प्रदेश व मध्यप्रदेश के रेलवे द्वारा रायरू को महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए अब रेलवे को अतिरिक्त जमीन भी अधिग्रहण करनी है। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने रेलवे की मांग पर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तत्काल कराने का आश्वासन दिया। निरीक्षण व बैठक के दौरान सीपीएम (गतिशक्ति) डीपी गर्ग, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) मयंक शांडिल्य, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण, सहायक वाणिज्य प्रबंधक पंकज कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद थे।
