Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > ग्वालियर में मौसम फिर लेगा करवट, रविवार से दोबारा शुरू हो सकता है बारिश का दौर

ग्वालियर में मौसम फिर लेगा करवट, रविवार से दोबारा शुरू हो सकता है बारिश का दौर

शनिवार को सुबह ग्वालियर-चंबल अंचल में कहीं मध्यम तो कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है,

ग्वालियर में मौसम फिर लेगा करवट, रविवार से दोबारा शुरू हो सकता है बारिश का दौर
X

ग्वालियर। पांच दिन बाद मौसम शुष्क होते ही न्यूनतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को नौ डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ ग्वालियर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग ने शनिवार को सुबह मध्यम से घना कोहरा पडऩे और न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है, जबकि रविवार को एक बार फिर बादल आ सकते हैं, लेकिन इस बार बारिश की संभावना नहीं है।

यहां बता दें कि ग्वालियर-चंबल अंचल में 22 से 26 जनवरी तक मध्यम से घने बादल छाए रहे। इस दौरान ग्वालियर सहित अधिकांश क्षेत्रों में बारिश भी हुई, लेकिन शुक्रवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। पूरा आसमान नीला नजर आया और काफी तेज धूप खिली रही। हालांकि ठंडी हवाएं सिहरन पैदा करती रहीं।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार हिमालय में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है। इस कारण अब हवाओं की दिशा उत्तरी हो गई है। चूंकि वातावरण में अभी नमी मौजूद है। इस कारण शनिवार को सुबह ग्वालियर-चंबल अंचल में कहीं मध्यम तो कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जबकि ग्वालियर और दतिया जिलों में शीत लहर चलने की संभावना है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में और गिरावट होगी। इसके बाद रविवार से मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। चूंकि अगले 24 घंटे के दौरान हिमालय में एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदलने से रविवार को बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की उम्मीद कम है। इस कारण रविवार से न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की अपेक्षा शुक्रवार को अधिकतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 83 और शाम को 70 प्रतिशत दर्ज की गई।

Updated : 27 Jan 2023 2:23 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश वेब डेस्क

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Share it
Top