Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > सुबह से दोपहर तक रुक-रुककर हुई बारिश, शाम को शुष्क रहा मौसम

सुबह से दोपहर तक रुक-रुककर हुई बारिश, शाम को शुष्क रहा मौसम

ग्वालियर-चम्बल में आज हो सकती है जोरदार बारिश

सुबह से दोपहर तक रुक-रुककर हुई बारिश, शाम को शुष्क रहा मौसम
X

ग्वालियर, न.सं.। मंगलवार को सुबह और शाम दो किश्तों में हुई तेज बारिश के बाद बुधवार को भी सुबह नौ से दोपहर लगभग डेढ़ बजे तक रुक-रुककर कभी तेज तो कभी मध्यम गति से बारिश होती रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम लगभग साफ रहा। इस दौरान आसमान में आंशिक बादल ही नजर आए। उड़ीसा में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर-चम्बल में जोरदार बारिश की संभावना जताई है।

मंगलवार को शहर में कुल 41.8 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई थी। इसी क्रम में बुधवार को भी 21.5 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। इस प्रकार गुजरे 24 घंटे में शहर में 63.3 मिली मीटर बारिश हो चुकी है। इसे मिलाकर एक जून से अब तक कुल 261.4 मिली मीटर बारिश हो चुकी है। भोपाल के सेवानिवृत्त मुख्य मौसम विज्ञानी डी.पी. दुबे ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र इस समय उड़ीसा के ऊपर है, जो मध्यप्रदेश की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से बुधवार की रात से लेकर गुरुवार को दिन में ग्वालियर-चम्बल सहित मध्यप्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में जोरदार बारिश होगी। कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है, लेकिन शुक्रवार से मानसूनी गतिविधि धीमी पड़ सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 0.6 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज हवाएं उत्तर पूर्वी चलीं, जिनकी गति छह किलो मीटर प्रति घंटा रही। आज सुबह हवा में नमी 95 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 12 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी घटकर 74 प्रतिशत दर्ज की गई। यह सामान्य से दो प्रतिशत कम है।

Updated : 6 Aug 2020 1:00 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top