Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > बदला मौसम, आज हो सकती है पूरे अंचल में बारिश

बदला मौसम, आज हो सकती है पूरे अंचल में बारिश

बदला मौसम, आज हो सकती है पूरे अंचल में बारिश
X

ग्वालियर, न.सं.। पिछले कई दिनों से सता रही उमस भरी गर्मी के बाद शुक्रवार शाम से ग्वालियर के साथ आसपास के जिलों का भी मौसम बदल गया है। इसके फलस्वरूप शनिवार से पूरे अंचल में बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है, जो अगले तीन से चार दिन तक जारी रहने की संभावना है।

स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि मानसून की दस्तक के साथ ही मानसूनी द्रोणिका बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की तरफ शिफ्ट हो गई थी। इसी वजह से ग्वालियर-चम्बल में मौसम शुष्क हो गया था, लेकिन अब यह मानसूनी द्रोणिका बीकानेर और अजमेर होते हुए दिल्ली की ओर बढ़ रही है। इसके अलावा दक्षिणी गुजरात और पूर्वी उत्तर प्रदेश में ऊपरी हवाओं के चक्रवात बने हुए हैं। साथ ही मानसूनी अक्षीय रेखा ग्वालियर के ऊपर से होकर गुजर रही है और अरब सागर से नमी भी आ रही है। इन सभी सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। इसी के चलते शनिवार से बारिश का दौर शुरू हो जाएगा, जो सात जुलाई तक जारी रह सकता है। इस दौरान पूरे अंचल में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

पारा पहुंचा 43 के पार

पिछले दिनों की तरह शुक्रवार को भी दिन में आंशिक बादल छाए रहे, जिससे सूरज के तेवर तल्ख बने रहे। साथ ही उमस भी परेशान करती रही। इस वजह से शहरवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। शाम को घने बादल छा जाने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं थी। इसके चलते पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 43.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो औसत से 6.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले पांच साल के आंकड़े देखें तो जुलाई में अधिकतम तापमान इतनी ऊंचाई पर नहीं पहुंचा था। आज न्यूनतम तापमान भी 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 54 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 47 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 08 प्रतिशत अधिक है।


Updated : 6 July 2020 6:55 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top