Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > ग्वालियर में बिगड़ा मौसम का मिजाज, शुरू हुई बारिश, गुरुवार से तेज होंगी बौछारें

ग्वालियर में बिगड़ा मौसम का मिजाज, शुरू हुई बारिश, गुरुवार से तेज होंगी बौछारें

ग्वालियर में बिगड़ा मौसम का मिजाज, शुरू हुई बारिश, गुरुवार से तेज होंगी बौछारें
X

ग्वालियर। उत्तर भारत में एक के बाद एक आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार को ग्वालियर-चम्बल अंचल में भी मौसम बिगड़ गया और ग्वालियर महानगर सहित अधिकांश इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। गुरुवार से ग्वालियर-चम्बल सहित प्रदेश के अन्य भागों में भी बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओले भी गिर सकते हैं। मौसम का मिजाज नौ से दस जनवरी तक बिगड़ा रहने की संभावना है।

बुधवार सुबह जब लोगों की नींद खुली तो पूरा आसमान घने बादलों से पटा था। हालांकि पूर्वान्ह 11 बजे के आसपास बादलों का घनत्व कम हुआ तो आसमान में सूरज भी टिमटिमाता नजर आया लेकिन कुछ देर में ही बादलों ने उसे अपने आगोश में समेट लिया। इसके बाद सूरज को चमने का मौका नहीं मिला। मध्यान्ह करीब ढाई बजे छुटपुट बूंदाबांदी हुई। इसके बाद शाम करीब पौने पांच बजे से एक बार फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई जो शाम छह बजे के बाद हल्की बारिश में बदल गई। इसके बाद गरज-चमक के साथ देर रात तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा।

मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान में एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इससे हवाओं का रुख उत्तरी से दक्षिण-पूर्वी हो गया है। हवाओं के साथ नमी आने से बादल छाने के साथ ग्वालियर-चम्बल के अधिकांश जिलों में कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी का सिलसिला शुरू हो गया है।

इसी क्रम में छह जनवरी की रात में एक और तीव्र आवृति वाले पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है जो अभी उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे अफगानिस्तान में मौजूद है। इसके प्रभाव से भी राजस्थान में एक प्रेरित चक्रवात बनेगा। इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आना शुरू हो गई है। इससे छह जनवरी गुरुवार से वर्षा की गतिवधियों में और तेजी आएगी। इसके चलते सात, आठ व नौ जनवरी को ग्वालियर-चम्बल सहित पश्चिमी और उत्तरी मध्यप्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।मौसम का मिजाज 10 जनवरी तक खराब बना रहने के आसार हैं। इसके बाद मौसम साफ होने पर रात के तापमान में गिरावट होगी और ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।

3.5 डिग्री ऊपर चढ़ा रात का पारा: मौसम में आए परिवर्तन के चलते रात के तापमान में उछाल आ गया है। पिछले दिन की अपेक्षा बुधवार को रात के तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है जबकि दिन का तापमान सामान्य स्तर पर आ गया है। इसके चलते पिछले दिनों की अपेक्षा आज दिन में ठंड का प्रभाव ज्यादा नजर आया। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी प्रकार आज सुबह हवा में नमी 88 और शाम को 78 प्रतिशत दर्ज की गई।

Updated : 6 Jan 2022 4:23 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top