Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > मप्र में अगले 48 घंटों में बदलेगा मौसम, ग्वालियर अंचल में पड़ सकती हैं बौछारें

मप्र में अगले 48 घंटों में बदलेगा मौसम, ग्वालियर अंचल में पड़ सकती हैं बौछारें

मप्र में अगले 48 घंटों में बदलेगा मौसम, ग्वालियर अंचल में पड़ सकती हैं बौछारें
X

भोपाल। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मप्र में अगले 48 घंटों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार तीन फरवरी की रात से या फिर चार फरवरी से ग्वालियर-चम्बल में बादल छा सकते हैं, जिसके चलते चार व पांच फरवरी को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे के भी आसार हैं लेकिन ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है।

पिछले दिनों की तरह बुधवार को भी मौसम शुष्क रहा और तेज धूप निकली लेकिन हवाएं मंद गति से चलीं जिससे दिन में ठंड का ज्यादा असर नहीं था। हालांकि शाम होते ही ठंड का असर बढ़ गया।

स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय के अनुसार बुधवार को तीव्र आवृत्ति का एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंच चुका है जिसके प्रभाव से तीन फरवरी गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक प्रेरित चक्रवात बनने की संभावना हैं। इन दोनों मौसम प्रणालियों का आंशिक प्रभाव ग्वालियर चम्बल संभाग में भी नजर आएगा। यहां तीन फरवरी की रात से बादल छा सकते हैं। हालांकि इन मौसम प्रणालियों से यहां बारिश की संभावना कम है लेकिन चार व पांच फरवरी को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 8.4 डिग्री पर ही टिका रहा जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि अधिकतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 88 और शाम को 45 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी न्यूनतम तापमान आठ से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच टिका रहेगा जबकि दिन के तापमान में आंशिक गिरावट हो सकती है।

Updated : 4 Feb 2022 9:10 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top