Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > अंचल भर में आज हो सकती है तेज बारिश, मुरैना के पास से गुजर रही है मानसूनी द्रोणिका

अंचल भर में आज हो सकती है तेज बारिश, मुरैना के पास से गुजर रही है मानसूनी द्रोणिका

अंचल भर में आज हो सकती है तेज बारिश, मुरैना के पास से गुजर रही है मानसूनी द्रोणिका
X

ग्वालियर, न.सं.। पिछले कई दिनों से मानसून कमजोर है, जिसके चलते ग्वालियर-चम्बल में कहीं-कहीं छुटपुट बारिश हो रही है, लेकिन अब मानसून की सुस्ती टूटने की उम्मीद है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को मानसून पुन: सक्रिय होगा और इस दौरान अंचल में अच्छी बारिश की संभावना है।

तेज बारिश नहीं होने से अंचल में जबरदस्त गर्मी महसूस की जा रही है। उमस भरी गर्मी से सुबह से शाम तक किसी भी समय चैन नहीं मिल रहा है। मौसम खुला होने के कारण पिछले चार दिनों से अधिकतम तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर चल रहा है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं है। गर्मी से परेशान लोगों को राहत भरी तेज बारिश का इंतजार है। मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय के अनुसार इस समय मानसूनी द्रोणिका मुरैना के पास से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से अंचल में मानसून सक्रिय होने के साथ ही रविवार को ग्वालियर सहित अंचल के अधिकांश इलाकों में बारिश की उम्मीद है।

अधिकतम तापमान 39 डिग्री पर

शनिवार को मौसम लगभग शुष्क रहा, जिससे दिन में तेज धूप खिली रही। हालांकि आंशिक बादल भी छाए रहे। मध्यान्ह करीब ढाई बजे के बाद कुछ देर के लिए घने बादल भी नजर आए, जो हल्की गर्जना करने के बाद बिखर गए। इसके चलते पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 5.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 1.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 3.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज हवाएं दक्षिण पूर्वी चलीं, जिनकी गति चार किलो मीटर प्रति घंटा रही। आज सुबह हवा में नमी 68 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से 11 प्रतिशत कम है, जबकि शाम को हवा में नमी घटकर 65 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी सामान्य से चार प्रतिशत कम है।

Updated : 19 July 2020 1:00 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top