ग्वालियर में डॉक्टर्स की हड़ताल से बिगड़े हालात, इलाज ना मिलने से एक मरीज की मौत

ग्वालियर। प्रदेश भर में शुरू हुई डॉक्टर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल के पहले दिन ही ग्वालियर में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं गड़बड़ा गई। अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजन इलाज के लिए भटकते नजर आएं। इसी बीच आज जयारोग्य अस्पताल में आईसीयू में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई। तो वहीं अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम भी अटक गए। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टर्स और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, किलागेट निवासी 62 साल के अमर सिंह जाटव फेफड़ों में संक्रमण के कारण पिछले एक माह से जयारोग्य हॉस्पिटल के मेडिसिन वार्ड में भर्ती थे। आज बुधवार सुबह उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के बाद परिजन डॉक्टर्स के पास पहुंचे। लेकिन हड़ताल पर अड़े डॉक्टर्स इलाज के लिए वार्ड में नहीं आए। थोड़ी देर बाद अमर सिंह की सांसें हमेशा के लिए थम गई।इसके बाद परिजनों ने रोते हुए आरोप लगाया कि हड़ताल के कारण कोई चिकित्सक देखने नहीं आया। उपचार के अभाव में मृत्यु हुई है।परिजन काफी देर तक रोते रहे और फिर स्ट्रेचर पर शव को लेकर अपने घर चले गए।
मरीज परेशान-डॉक्टरों ने फ़रमाया आराम -
बता दें की अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश के 13 मेडिकल कॉलेज के करीब 15 हजार डॉक्टर्स हड़ताल पर हैं। इसी कड़ी में ग्वालियर में जयारोग्य अस्पताल समूह, स्वास्थ्य विभाग के करीब 500 से ज्यादा डॉक्टरों ने आज काम नहीं किया।ना तो मरीजों को इलाज मिला है ना ही जांच हुई है। बुधवार को होने वाले 26 ऑपरेशन आगे के लिए टाल दिए गए हैं।
