Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > नहीं खुले उद्यान, बाहर से लौटे लोग, आज खुल सकते हैं

नहीं खुले उद्यान, बाहर से लौटे लोग, आज खुल सकते हैं

नहीं खुले उद्यान, बाहर से लौटे लोग, आज खुल सकते हैं
X

ग्वालियर, न.सं.। प्रदेश सरकार के आदेश और लॉकडाउन को लेकर जारी नई गाइड-लाइन के अनुसार शहर के उद्यान गुरुवार से खोले जा सकते थे, लेकिन सभी उद्यान बंद रहे। शहर में छोटे-बड़े कुल 250 से ज्यादा उद्यान हैं। लोगों को उम्मीद थी कि इन्हें गुरुवार से खोला जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नेहरू पार्क, लेडीज पार्क, शिवाजी पार्क के बाहर ताला लगा रहा। कुछ लोग सुबह घूमने के लिए पहुंचे, लेकिन द्वार बंद देखकर उन्हें लौटना पड़ा। नगर निगम के अधिकारी जिला प्रशासन के आदेश का इंतजार करते रहे। लेकिन देर शाम तक उन्हें उद्यान खोलने के लिए कोई भी आदेश नहीं मिला। जिसके चलते सभी उद्यान बंद रहे।

बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को आदेश जारी किए जा सकते हैं। जिसके बाद सभी उद्यानों को लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। उद्यान खोलने से पहले नगर निगम ने सभी पार्कों की सफाई करवा दी है।

छूट मिलने के बाद भी नहीं खुले सिनेमाघर

करीब आठ महीने के लंबे अंतराल बाद शहर के मल्टीप्लैक्स और सिनेमाघर खुलने की छूट मिल गई है। अनलॉक -5 में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी गाइड-लाइन के साथ कुछ ही मल्टीप्लैक्स खोलने की आजादी है। हालांकि गुरुवार को शहर का एक भी सिनेमाघर नहीं खुला। अधिकांश संचालकों का कहना था कि इस समय वह घाटे का सौदा नहीं चाहते लिहाजा इन्हें नहीं खोला गया।

इनका कहना है

राज्य शासन से देर रात मनोरंजनालय व उद्यानों को खोलने का आदेश आया है। शुक्रवार को आदेश जारी कर दिए जाएंगे। सिनेमाघरों को खोलने के लिए हमारे पास कोई भी आदेश नहीं आया है।

-किशोर कान्याल, एडीएम

जब तक हमारे पास उद्यानों को खोलने के लिए आदेश नहीं आएगा तब तक हम उद्यान नहीं खोलेंगे। उद्यानों की नियमित सफाई कराई जा रही है, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुकेश बंसल, पार्क अधीक्षक, नगर निगम

Updated : 12 Oct 2021 11:22 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top