मोतीमहल क्षेत्र के आस-पास बनेगा पर्यटन केन्द्र

बच्चों के मनोरंजन का बनेगा केन्द्र, होंगे वार्षिक उत्सव
ग्वालियर/न.सं.। शहर को स्मार्ट बनाने के लिए अब नगर निगम की सक्रियता भी बढऩे लगी है। नगर निगम शीघ्र ही जलविहार बैजाताल तथा चिडिय़ाघर परिसर को लोकल हैरिटेज क्षेत्र के रुप में विकसित करने जा रहा है। इसके लिए मोतीमहल के आस-पास के इलाके को खासतौर पर बच्चों के मनोरंजन के लिए विकसित करने की योजना को निगम ने मूर्तरूप देने की तैयारी कर ली है और इस पर काम भी शुरू हो गया है। लोकल हैरिटेज बनने के बाद परिसर में स्थित बैजाताल के तैरते रंगमंच पर बच्चों स्कूलों के वार्षिक भी आयोजित किए जाएंगे। 26 फरवरी को निगमायुक्त संदीप माकिन ने कहा था कि वह अपने कार्यकाल में वह एक बाजार को भी ग्वालियर की पुरातत्व शैली पर विकसित करेंगे। वहीं शहर के पार्कों को भी महानगरों की तर्ज पर विकसित करने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि जल्द ही निगमायुक्त पार्कों को लेकर भी जल्द ही अधिकारियों के साथ बैठकर मंथन करेंगे।
स्कूल से निगम करेगा चर्चा
बैजाताल के मंच पर शहर के सभी स्कूलों के वार्षिकोत्सव भी आयोजित कराने की योजना है। इसके लिए जल्द ही खुद निगमायुक्त स्कूलों के संचालकों से चर्चा करेंगे।
बैजाताल में लगने लगी रंग-बिरंगी लाइटें
बैजाताल में पानी भरने के साथ ही वहां पुरानी छतरियों के आसपास रंगीन लाइटें लगाना शुरू कर दिया है। साथ ही जलबिहार परिसर के आसपास पेट्रोल-डीजल वाहनों के प्रवेश को बंद कर इलेक्ट्रानिक वाहन संचालन करने के साथ साथ बच्चों के लिए घोड़ा-ऊंट गाड़ी सहित अन्य साधन उपलब्ध कराने की योजना है।
