अवैध संबंध के चलते युवक की हत्या

अवैध संबंध के चलते युवक की हत्या
X

टेनिस कोर्ट के पीछे पड़ा मिला शव

ग्वालियर/न.सं.। इन्दरगंज थाना पुलिस अभी साड़ी कारोबारी की हत्या का राजफाश करने के बाद सुस्ता भी नहीं पाई थी कि एक बार फिर थाना क्षेत्र में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक घटना स्थल वाले क्षेत्र में घूमने वाली महिला के साथ आवारागर्दी करता था। हत्या अवैध संबंध के चलते की गई है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद संदेहियों को उठाकर हत्या के संबंध में पूछताछ प्रारंभ कर दी है।

इन्दरगंज थाना क्षेत्र स्थित मोती तबेला टेनिस कोर्ट के पीछे सुनसान स्थान पर दिलीप पुत्र किशनलाल शाक्य 35 वर्ष निवासी ललितपुर कॉलोनी का खून से लथपथ शव लावारिस हालत में पड़ा मिला। दिलीप की शुक्रवार-शनिवार की दरिम्यानी रात पत्थर से कुचलकर हत्या को अंजाम दिया गया था। बताया गया है कि दिलीप आटो चलाने का काम करता था और फूलबाग के आसपास जिस्मफरोसी का धंधा करने वाली महिला के साथ घूमता फिरता रहता था। शुक्रवार को भी दिलीप फूलबाग में महिला के साथ देखा गया था। दिलीप को सुनसान स्थान पर ले जाकर हत्या किसने की है पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। इस संंबंध में संदेही टमाटर और महिला को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। सूत्र बताते हैं कि अवैध संबंध के कारण ही दिलीप की हत्या को अंजाम दिया गया है। महिला और उसके साथी ने दिलीप की हत्या को अंजाम दिया है। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेसिंक विशेषज्ञ ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अत: परीक्षण के लिए शव दाह गृह भेज अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

मृतक कभी-कभी जाता था घर

मुकेश शाक्य ने बताया कि दिलीप घर पर कभी-कभी ही आता था। कभी एक माह तक घर आए हुए हो जाते थे। अभी दो दिन पहले ही दिलीप छोटे भाई मुकेश को अचलेश्वर मंदिर के पास मिला था। आवारागर्दी करने के कारण उससे कोई कुछ नहीं बोलता था। इसलिए परिवार के लोग भी उससे खासे परेशान थे।

टमाटर ने दी घर सूचना

दिलीप के दोस्त टमाटर ने घर जाकर हत्या होने की सूचना दी। टमाटर दिलीप और उसके साथियों का फूलबाग के पास बैठने वाली महिला के साथ मौजमस्ती करने का पुलिस वालों से लेकर परिजनों तक को पता था। दिलीप के भाई मुकेश ने हत्या का आरोप महिला पर ही लगाया है। पुलिस जल्दी ही हत्या का राजफाश कर देगी।

शव के पास मिलीं आपत्तिजनक चीजें

मृतक के हाथ में महिला के सिर के बाल फंसे मिले हैं। साथ ही शव के पास आपतिजनक चीजें मिली है। संभवत: अवैध संबंध के दौरान ही सिर पर पत्थर पटककर हत्या की गई है। पुलिस इसे आधार बनाकर जांच-पड़ताल कर रही है।

इनका कहना है

''दिलीप शाक्य की हत्या के कुछ संदेही पकड़े गए हैं। पूछताछ करने के बाद ही हत्या का राजफाश किया जाएगा। हत्या स्थल पर कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिलीं हैं, उसी आधार पर जांच की जा रही है।''

-मनीष डाबर थाना प्रभारी, इन्दरगंज

Next Story