Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > होली पर खूब बरसा रंग और उड़ा गुलाल

होली पर खूब बरसा रंग और उड़ा गुलाल

होली पर खूब बरसा रंग और उड़ा गुलाल
X

बाजारों में पसरा सन्नाटा मन्दिरों पर हुई खूब भीड़

ग्वालियर/न.सं.। होली का त्यौहार गुरूवार को पूरे शहर में जोश, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल व रंगों में सराबोर कर दिया। होली के दिन बाजारों में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा लेकिन शाम के समय मन्दिरों में भक्तों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। वहीं शुक्रवार को भाई दोज का पर्व घर-घर मनाया गया। होली के दिन सुबह से युवाओं की टोलियां शहर में निकल पड़ी। ढोल और नगाड़ों की थाप पर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने जमकर होली खेली। होली के दिन पूरा का पूरा शहर सतरंगी रंगों में रंगा हुआ दिखा। जहां देखो वहां होली का हुड़दंग था। होली के दिन लोग सिर पर रंगीन टोपियां लगाए और रंगों में सराबोर सतरंगी कपड़े पहने हुए थे। होली के दिन लोगों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और बधाई दी। इसी के साथ गली, मोहल्लों, कॉलोनियों एवं बहुमंजिला इमारतों में उत्साह के साथ होली मनाई गई। वहीं होली के दिन शहर में पुलिस व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही।

होली के गीतों पर किया नृत्य


जेसीआई ग्वालियर द्वारा गत दिवस राम वाटिका में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिसर को मेला थीम पर सजाया गया था। कार्यक्रम में विशेष रूप जेसीरेटविंग द्वारा होली के गीतों व फाग डांस कर सभी ने होली का आनन्द लिया। इस मौके पर कई प्रतियोगिताएं बेस्ट ड्रेस कपल, बेस्ट फीमेल डांस आदि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गुलनाज जावेद, पूर्व मंडल अध्यक्ष अंजली बत्रा, नीलेश बिंदल, स्वतंत्र गोयल, प्राची अग्रवाल, साकेत गुप्ता, संदीप जैन संजय अग्रवाल एवं जनसंपर्क अधिकारी प्रदीप अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

भाइयों को टीका करने बहनें पहुंची जेल


होली के दूसरे दिन भाईदूज का पर्व मनाया जाता है। इस दिन बहनों भाईयों को तिलक करती हैं। ऐसे बहने जिनके भाई जेलों में बंद उन्हें तिलक करने के लिए बहनें जेलों तक पहुंची। इस दिन बहनें अपने भाईयों का पसंदीदा भोजन भी बनाकर ले गईं थी। दोपहर के समय जेल के बाहर जाम की स्थिति पैदा हो गई। वहीं दूसरे ओर घर-घर मे गाय के गोबर की दौज बनाकर पूजा की गई। इसके अलावा आज पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने भी होली का त्यौहार उत्साह के साथ मनाया।

सुरभि ने मनाई होली

जेसीआई ग्वालियर सुरभि का होली मिलन समारोह गुरूवार को बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इसमें सभी सुरभि साथी अपने कपल के साथ आए और बहुत से खेल भी खेले जिसमें दिव्या गुप्ता, साधना सेजरिया, रेनू गर्ग, राखी सेजरिया एवं गरिमा मोर विजयी रहे। सभी कपल ने एक दूसरे से रंगीले अंदाज में मस्ती की। बाद में रंग बिरंगे गुलाल से होली खेली गई। इस अवसर पर रितिका गुुप्ता, राखी गेड़ा, नीतू गुप्ता, निवेदिता गुप्ता, प्रियंका अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, दीप्ति सराओगी, अनीता गुप्ता, इंदु गुप्ता, जानवी रोहिरा, जेसी रेनू गर्ग आदि सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम संयोजिका रुचि नीखरा एवं सरिता गुप्ता रही।

होली पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम

राधाकृष्ण विहार विकास समिति लेले का बगीचा ग्वालियर के तत्वावधान में गत दिवस होली उत्सव का आयोजन किया गया । इस मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई जिसमें गीत, गजल, कविता, नृत्य, नाटक, आदि शामिल रहे। इस अवसर पर रोहित, वंशिका, ऋषभ, सार्थक एवं तेजस ने गीत, नृत्य और हास्य नाटक प्रस्तुत किए। शिवराम देवाई, संजय जोशी, शरद, अर्चना ने एक से बढक़र एक गीत प्रस्तुत किए। इस मौके पर मयुख तारे, हर्षा नाईक, ज्योति गिरजे, मोनिका इन्दौरकर आदि ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। विनीता विपट ने एक गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मोरेश्वर जोशी, विजय जोशी, अर्चना, किशोर जोशी, गोविन्द पराडकर, सुधीर इन्दौरकर आदि उपस्थित थे। संचालन संजय जोशी व अरूण गिजरे द्वारा किया गया।

प्रेस क्लब में सादगी से मना होली मिलन


उमंग ओर उल्लास का प्रतीक पर्व होली महोत्सव यानि रंगों का त्यौहार फूलबाग स्थित ग्वालियर प्रेस क्लब में सादगी से मनाया गया। पत्रकारों व कवियों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही कुछ पत्रकार कवियों ने कविताएं भी कहीं। इस अवसर पर पत्रकार कवियों ने कविता पाठ किया। कविता पाठ करने वालों में वरिष्ठ पत्रकार राम विद्रोही, सुरेश सम्राट, डॉ. केशव पांडे, नईम कुरेशी, सुरेन्द्र माथुर, जोगेंद्र सेन, संजय त्रिपाठी, अजय मिश्रा, सुनील पाठक, विनोद शर्मा, राजीव अग्रवाल, नासिर गौरी, राजेश अवस्थी, हेमंत शर्मा, जावेद खान, नवीन नायक, प्रदीप शास्त्री, रवि यादव आदि शामिल थे। इस दौरान जनसम्पर्क अधिकारी मधु शोलापुरकर व अनिल वशिष्ठ उपस्थित थे। कवियों ने शहीदों के सम्मान में कविताएं कहीं और अपने विचार व्यक्त किए। इस वर्ष पाक की नापाक हरकत के चलते हुए पिछले माह हमारे 40 सीआरपीएफ सैनिकों को शहीद होना पड़ा। उनकी शहादत से पूरे देश में शोक की लहर है, देश सदमे में है। इसलिए इस बार पूरी सादगी के साथ प्रेस क्लब में होली मिलन रखा गया। प्रेस क्लब के सचिव राजेश शर्मा ने सभी अतिथियों को चंदन लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। संचालन कोषाध्यक्ष सुरेश शर्मा और आभार सयुक्त सचिव विनय अग्रवाल ने किया।

नेताओं ने घरों पर मनाई होली


भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने होली का पर्व अपने घरों पर ही समर्थकों एवं आमजन के साथ मनाया। इस अवसर पर नेताओं के यहां मिलने वालों का तांता लगा रहा।केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने 29 रेसकोर्स रोड स्थित सरकारी आवास पर रंग-गुलाल के साथ होली मनाई। उन्हें बधाई देने बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक पहुंचे। श्री तोमर स्वयं उनसे होली खेले और गुलाल लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य श्री प्रभात झा ने अपने गोविन्दपुरी स्थित निज निवास पर होली का पर्व मनाया। श्री झा को गुलाल लगाने कार्यकर्ता एवं आमजन पहुंचे। महापौर विवेक शेजवलकर ने नई सडक़ स्थित अपने निज निवास पर होली का पर्व मनाया। पूर्व मंत्री एवं सांसद अनूप मिश्रा ने सिंधी कॉलोनी, पूर्व मंत्री श्रीमती माया सिंह व ध्यानेंद्र सिंह ने रानी महल, पूर्व मंत्री नारायण सिंह ने हरकोटा सीर, वरिष्ठ पार्षद डॉ. सतीश सिकरवार ने ललितपुर कॉलोनी व भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने ग्वालियर में रहकर ही होली मनाई। प्रदेश सरकार के मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर कांच मिल, लाखन सिंह यादव ने लक्ष्मीगंज, विधायक मुन्नालाल गोयल ने मुरार, प्रवीण पाठक ने लक्ष्मीगंज, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह ने 19 गांधी रोड स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं एवं आमजन के साथ होली खेली। इसके साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपने सरकार आवास पर होली मनाई।

बाजार रहे खाली

होली के दिन शहर के सभी छोटे और बड़े बाजार पूर्ण रूप से बंद रहे। बाजार सुबह से लेकर शाम तक खाली से रहे। वहीं शाम के समय चाट और आइसक्रीम की दुकानें जरूर खुल गई जिन पर लोगों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली।

मन्दिरों में रही भक्तों की भीड़

होली के दिन मन्दिरों में भी लोगों ने पहुंचकर भगवान को गुलाल लगाया और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरूवार को भक्तों की सबसे अधिक भीड़ सांई बाबा मन्दिर पर रही। मन्दिर पर भीड़ इतनी अधिक थी कि मन्दिर के मुख्य द्वार से लाइन बाहर तक आ गई थी।

Updated : 23 March 2019 2:39 PM GMT
author-thhumb

Naveen Savita

Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.


Next Story
Top