आप लोगों की लापरवाही से अस्पताल की छवि खराब होती है

आप लोगों की लापरवाही से अस्पताल की छवि खराब होती है
X

अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में सम्भागायुक्त ने दिए निर्देश

ग्वालियर/न.सं.सरकार महंगे उपकरण खरीद कर आपको दे रही है, फिर भी उपकरण आए दिन बंद पड़े रहते हैं। जिस कारण मरीज को लाभ नहीं मिल पाता। स्टे्रचर पर एक कर्मचारी रहना चाहिए। आप लोगों की लापरवाही के कारण अस्पताल की छवि खराब होती है। मुझे नहीं पता आप लोग व्यवस्थाएं दुरूस्त करें या नहीं मैं तो कार्रवाई करूंगा। यह बात सम्भागायुक्त बी.एम. शर्मा ने मंगलवार को आयोजित हुई अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक कही। बैठक में सम्भागायुक्त श्री शर्मा ने गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय अधिष्ठाता डॉ. भरज जैन व जयारोग्य अधीक्षक डॉ. अशोक मिश्रा के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कैंसर विभाग सहित अन्य विभागों में लम्बे समय से लाखों के उपकरण बंद पड़े हुए हैं, जिसका लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। इसलिए जल्द से जल्द मशीन शुरू की जाए। उन्होंने बैठक में अधीक्षक से पूछा कि आए दिन मरीज स्टे्रचर के लिए क्यों परेशान होते हैं। इस पर अधीक्षक डॉ. मिश्रा ने बताया कि मरीज के परिजन स्टे्रचर लेकर चले जाते हैं और वापस रखने नहीं आते। इस पर सम्भागायुक्त नाराज हुए और कहा कि यह अटेण्डरों का काम नहीं है कि मरीज को स्टे्रचर पर ले जाए। मरीजों को वार्ड तक पहुंचाने की हमारी जिम्मेदारी है। शासन इतना पैसा खर्च कर रहा है, फिर भी आप सुविधा उपलब्ध नहीं करा पा रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्ट्रेचर पर एक कर्मचारी की तैनाती की जाए, जो मरीज को वार्ड तक ले जाए। किसी भी स्थिति में मरीज के परिजन स्ट्रेचर को ले जाने की स्थिति नहीं बनना चाहिए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारी तैनात किए जाएं।

समय पर प्रस्तुत करें पत्रों का जवाब

संभागायुक्त श्री शर्मा ने विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कहा कि शासन स्तर एवं वरिष्ठ कार्यलयों से प्राप्त होने वाले पत्रों का जवाब सभी विभागीय अधिकारी समय पर प्रस्तुत करें। विभागीय अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के जो व्यक्तिगत प्रकरण हैं, उनका निराकरण भी समय पर हो।

समय रहते सुनिश्चित करें उपार्जन की व्यवस्थाए

सम्भागायुक्त ने कहा कि 25 मार्च से उपार्जन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाना है। उपार्जन के लिए संभाग के सभी जिलों में व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। सभी जिलों में खरीदी केन्द्रों का निर्धारण करने के साथ ही परिवहन की कार्ययोजना तैयार कर ली जाए। इसके साथ ही भण्डारण के लिए समय रहते केन्द्रों का निर्धारण कर लिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी जिलों में भण्डारण स्तर पर ही खरीदी केन्द्र बनें, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

Next Story