चोरी करते समय जाग गया था चौकीदार, खंजर मारकर की हत्या

ग्वालियर/न.सं.। कोतवाली थाना क्षेत्र में दुकानों में चोरी करने घुसे चोर ने वृद्ध चौकीदार की हत्या उसके नींद से जागने पर ख्ंाजर और कटर मारकर कर दी थी। पुलिस ने हत्या का पर्दाफाश करते हुए आरोपी चोर को पकडक़र उसके कब्जे से चोरी की नगदी और हत्या में बरामद खंजर बरामद कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि गुलाब मार्केट में मंगलवार रात को हुई वृद्ध चौकीदार मोतीराम चौरसिया की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपी को दबोच लिया है। वृद्ध की जिस प्रकार से हत्या की गई थी, उससे पुलिस को श्ंाका हो रही थी कि चोरी करने वाले मार्केट से परिचित है। मुखबिर से पता लगा कि नंदकिशोर उर्फ निखिल पुत्र प्रकाश सखवार देर रात क्षेत्र में देखा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे उठा लिया। पुलिस ने नंदकिशोर से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने चौकीदार की हत्या करना स्वीकार कर लिया। जिस समय नंदकिशोर दुकान के ताले तोड़ रहा था उस समय चौकीदार मोतीराम की नींद खुल गई। नंदकिशोर क्षेत्र का शातिर चोर है और चौकीदार उसे पहचानता था, इसलिए उसने बिना देर किए उस पर खंजर से हमला कर दिया। नंदकिशोर ने दो हमलों में ही वृद्ध की हत्या कर दी और मौके से नगदी सहित अन्य सामान लेकर निकल गया। बताया गया है कि वारदात के समय नंदकिशोर अपने साथ कटर और खंजर लेकर गया था, जो उसने वारदात के बाद रास्ते में ही फेंक दिया था। हत्या में प्रयुक्त खंजर को पुलिस ने बरामद करने के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मोतीराम की हत्या से दुकानदारों में उदासी
मोतीराम की हत्या करने वाले आरोपी के पकड़े जाने के बाद सभी दुकानदार खुश हैं, लेकिन उनको मोतीराम की बेरहमी से हत्या का चौबीस घंटे बाद भी गम है। गमगीन दुकानदारों का कहना था कि मोतीराम हमारे साथ परिवार की तरह रहता था। कोई भी काम करने के लिए वह तैयार रहता था। वृद्ध की हत्या के बाद दुकानदारों के चेहरे पर उदासी देखी जा सकती है।
