जयारोग्य की सुरक्षा भगवान भरोसे, 40 फीसदी सीसीटीवी बंद

जयारोग्य की सुरक्षा भगवान भरोसे, 40 फीसदी सीसीटीवी बंद
X

ग्वालियर/न.सं.अंचल के सबसे बड़े जयारोग्य चिकित्सालय में सुरक्षा की दृष्टि से लाखों रुपए खर्च कर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे लम्बे समय से बंद पड़े हुए हैं। ऐसे में मरीजों की सुरक्षा भगवान के भरोसे है। इसके बाद भी अस्पताल के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। दरअसल जयारोग्य चिकित्सालय की ओपीडी, जयारोग्य अस्पताल, कमलाराजा अस्पातल, कार्डियोलॉजी एवं न्यूरोलॉजी सहित अन्य जगहों पर टेंडर के माध्यम से जैन सर्विसेज नाम की कम्पनी द्वारा मई 2017 में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। यह कैमरे कुछ महीनों तक तो ठीक चले, लेकिन अब यह कैमरे पूरी तरह बंद हो चुके हैं। अस्पताल में करीब 55 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे, लेकिन इनमें से करीब 40 फीसदी कैमरे बंद पड़े हुए हैं। इतना ही नहीं ओपीडी में जहां मरीजों की सबसे ज्यादा भीड़ रहती है और झगड़े सहित चोरियों भी होती हैं, वहां भी कैमरे बंद पड़े हुए हैं, जबकि माधव डिस्पेंसरी में लगे कैमरों को ठीक कराने के लिए विधायक प्रवीण पाठक कई बार अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक मिश्रा से कह चुके हैं। इसके बाद भी कैमरे ठीक कराने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि संभाग आयुक्त बी.एम. शर्मा भी बंद कैमरों को जल्द ठीक कराने के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन अस्पताल प्रबंधन पर संभाग आयुक्त के निर्देशों का भी कोई असर नहीं है।

कैदी वार्ड में भी नहीं लगे कैमरे

इधर कैजुअल्टी में बनाए गए कैदी वार्ड में भी कैमरे नहीं लगे हैं, साथ ही कैजुअल्टी की गैलरी में लगे कैमरे भी बंद पड़े हुए हैं। ऐसे में कैदी वार्ड में क्या कर रहे हैं और कौन उनसे मिलने आ रहा है? यह पता नहीं चल सकेगा।

Next Story