चेम्बर चुनाव : जीत-हार पर मंथन शुरू

ग्वालियर/न.सं.। मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव में दो प्रमुख हाउसों के छह-छह प्रत्याशी आमने सामने थे। सभी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे थे। शुक्रवार को मतगणना के बाद देर रात्रि परिणाम सामने आए तो व्हाइट हाउस के चार और क्रिएटिव हाउस के दो प्रत्याशी जीते। जिनकी हार हुई वह इस हार के लिए अलग-अलग तरह से दोषारोपण कर रहे हैं। इसमें खास बात यह है कि जब एक ही हाउस से सभी छह लोग लड़े तो उसी हाउस के जीतने और हारने वाले प्रत्याशियों के बीच लंबा अंतराल क्यूँ रहा।
अध्यक्ष पद की बात की जाए तो व्हाइट हाउस के भूपेन्द्र जैन (1291) कड़े संघर्ष में मात्र 70 मतों से पराजित हुए। जबकि इसी हाउस के प्रशांत गंगवाल (1645) और डॉ. प्रवीण अग्रवाल (1760) बड़े अंतर से जीते हैं। इनके बीच मतों के अंतर को देखा जाए तो भूपेन्द्र जैन की तुलना में इन दोनों प्रत्याशियों को काफी अधिक मत मिले हैं। जिसमें प्रवीण की तुलना में भूपेन्द्र को 469 और प्रशांत की तुलना में 354 मत कम मिले हैं। इससे कहीं न कहीं यह संकेत मिलते हैं कि या तो हाउस में कुछ गड़बड़ी हुई है या फिर व्यक्तिगत रूप से संबंधों के कारण मत कम ज्यादा मिले हैं। जो इन सबके लिए मंथन का विषय बना हुआ है। इसी तरह क्रिएटिव हाउस की बात की जाए तो विजय गोयल को कुल 1361 मत मिले हैं जबकि इसी हाउस के सुरेश बंसल को 999 और जगदीश मित्तल को 872 मत मिले हैं। जो कि गोयल की तुलना में क्रमश: 362 और 489 कम हैं। जो इस हाउस के लिए चिंता का विषय है।
होलाष्टक के बाद होगा शपथ ग्रहण
चूँकि होलाष्टक के दौरान परिणाम आए हैं और अभी किसी भी शुभ कार्य पर रोक लगी हुई है इसे देखते हुए जीते हुए पदाधिकारी होलाष्टक के बाद पदभार ग्रहण कर शपथ लेंगे। इसके लिए 22 अथवा 23 मार्च को शपथ होने की संभावना है।
कार्यकारिणी की पुनर्मतगणना आज
कार्यकारिणी समूह के चुनाव में कुछ समूह में पुनर्मतगणना के आवेदन आए हैं। वहीं कुछ में एक समान मत आने पर टाई की स्थिति में गोली डालकर अथवा डेढ़-डेढ़ वर्ष का कार्यकाल किए जाने की संभावना है इसका निर्णय सोमवार को होगा।
विवाद के बाद शांति
शनिवार को व्हाइट हाउस के एक पदाधिकारी द्वारा दाल बाजार में एक व्यापारी के साथ हुए विवाद पर मामला तूल पकडऩे से पहले ही शांत हो गया। क्योंकि फरियादी अपने साथ हुई घटना को स्वीकार करने को तैयार नहीं है। इसीलिए इस मामले से क्रिएटिव हाउस ने भी हाथ खींच लिए। वहीं व्हाइट हाउस के विजयी प्रत्याशियों ने रविवार को दही मण्डी, दौलतगंज, सराफा एवं डीडवाना ओली के अलावा उपनगर ग्वालियर में आभार रैली निकाली।
