बस-ट्रक की भिड़ंत, परिचालक की मौत

मोटर साइकिल को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
ग्वालियर/न.सं.। तेज गति से दौड़ रही बस और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में बस परिचालक की मौत हो गई। ट्रक की टक्कर लगते ही गेट पर खड़ा परिचालक नीचे गिर गया और ट्रक का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अंत:परीक्षण के लिए विच्छेदन गृह में रखवा दिया।
चीनौर निवासी कल्लू उर्फ जितेन्द्र पुत्र लक्ष्मीनारायण श्रीवास्तव 35 वर्ष बस पर परिचालक का काम करता था। हर रोज की तरह जितेन्द्र बस पर परिचालक का काम करने के लिए आया था। बताया गया है कि सुबह दस बजे के करीब बस सवारियां लेकर ग्वालियर आ रही थी। बस झाँसी रोड थाना क्षेत्र स्थित विक्की फैक्ट्री के पास पहुंची ही थी तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचजी 2155 से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। ट्रक और बस की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के गेट पर खड़ा परिचालक जितेन्द्र बस से नीचे गिर गया। बस से गिरते ही उसके ऊपर से ट्रक का पहिया निकल गया। जितेन्द्र की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मोटर साइकिल चालक को बचाने के फेर में हादसा हुआ है। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और तत्काल शव को उठाकर विच्छेदन गृह पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई विनोद की रिपोर्ट पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
