कड़ी सुरक्षा में कल होंगे चेम्बर चुनाव फर्जी मतदाताओं पर रहेगी पैनी नजर

कड़ी सुरक्षा में कल होंगे चेम्बर चुनाव फर्जी मतदाताओं पर रहेगी पैनी नजर
X

सनातन धर्म मंदिर मार्ग रहेगा बंद, अरविन्द और रामनिवास को बनाया पर्यवेक्षक

ग्वालियर, न.सं.

मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव 15 मार्च शुक्रवार को सुबह आठ से सायं पांच बजे तक होंगे। पिछली बार की तरह इस चुनाव में किसी प्रकार का कोई उपद्रव या अव्यवस्था न हो। इस दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। सनातन धर्म मंदिर से चेम्बर के गेट नम्बर छह तक का मार्ग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। यहां से किसी भी वाहन को गुजरने नहीं दिया जाएगा। इस मार्ग पर प्रचार, प्रसार, झण्डे और तम्बू पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे। चुनाव में किसी प्रकार का फर्जी मतदान न हो। इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा और मतदाताओं को पहचान पत्र की जांच के बाद ही अंदर जाने दिया जाएगा। उधर अब तक 71 बाहर के मतपत्र नहीं पहुंचने पर विवाद की स्थिति बनी हुई है। वहीं इस चुनाव में पर्यवेक्षक के तौर पर व्हाइट हाउस से अरविन्द अग्रवाल और क्रिएटिव हाउस से रामनिवास अग्रवाल को अधिकृत किया है जो कि अपने हाउसों पर नियंत्रण रखेंगे।

चिल्लाए तो अंदर कर दूंगा

चेम्बर चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को दोपहर एक बजे चुनाव अधिकारी और दोनों हाउसों के चुनिंदा लोग पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन के साथ बैठे। इस दौरान दो सदस्यों द्वारा जोर से बोलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए यह कह दिया कि ऐसा करोगे तो मैं अंदर कर दूंगा। इसके बाद शाम 5.30 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतेन्द्र सिंह तोमर चेम्बर भवन में आए और तैयारियों का जायजा लिया।

व्हाइट हाउस को मिला समर्थन

उधर व्हाइट हाउस के प्रत्याशी भी एक-एक प्रतिष्ठान मतदाता तक पहुंचकर समर्थन मांग रहे हैं। बुधवार को इन छहों प्रत्याशियों ने दवा बाजार हुजरात, सिंध विहार आदि क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। इस दौरान अध्यक्ष पद के उम्मीदवार भूपेन्द्र जैन ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि वे चेम्बर को 24 घण्टे टोल फ्री हेल्प लाइन सेवा उपलब्ध कराने के अलावा स्वयं भी हमेशा उपलब्ध रहेंगे। श्री जैन ने कहा कि दिल्ली के बड़े उद्योग ग्वालियर में बसाकर रोजगार समस्या दूर करने की बात कही, साथ ही यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता में नवीन लोहामण्डी दिलाने के प्रयास करेंगे। इस अवसर पर व्यापारियों ने छहों प्रत्याशियों का जोरदार स्वागत किया।

यह रहेगी चुनाव व्यवस्था

मतदान चेम्बर के नए भवन में होगा।

2665 सदस्य मतदान करेंगे। 263 मतपत्र बाहर भेजे गए हैं।

पुराना हाईकोर्ट से बीएसएनएल चौराहे तक प्रचार-प्रसार बंद रहेगा।

मतदान करने के लिए अपने साथ समूह क्रमांक, सदस्यता क्रमांक, आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्रायविंग लाइसेंस लाना होना।

मतदान में किसी भी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र प्रतिबंधित है।

मतदान कक्ष में मोबाइल ले जाने पर सख्त मनाही रहेगी।

मतदान सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा।

क्रिएटिव हाउस ने झोंकी ताकत


व्यापारियों के सबसे प्रतिष्ठित यह चुनाव दोनों हाउसों की नाक का सवाल बन गए हैं। चुनाव अपने अंतिम चरण में आ गया है। क्रिएटिव और व्हाइट हाउस के प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। चेम्बर के प्रत्याशी रात दिन प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। इन प्रत्याशियों द्वारा 24 घण्टे में से 18-18 घण्टे तक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और छोटी-बड़ी पार्टियां भी दी जा रही हैं। इसी क्रम में क्रिएटिव हाउस के प्रत्याशियों ने बुधवार को सनातन धर्म मंदिर से शुरू होकर इंदरगंज चौराहा, दाल बाजार, नया बाजार, ऊंट पुल और पाटणकर बाजार में जबरदस्त रोड शो किया। बाजार के लोगों ने इन सभी का स्वागत किया। इसी क्रम में क्रिएटिव हाउस द्वारा गुरुवार को पाटणकर बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवाना ओली, राम मंदिर एवं गश्त का ताजिया पर जनसंपर्क किया जाएगा।

Next Story