Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ मानसून, ग्वालियर में 26 जून को देगा दस्तक

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ मानसून, ग्वालियर में 26 जून को देगा दस्तक

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ मानसून, ग्वालियर में 26 जून को देगा दस्तक
X

Photo - Rajesh Jaiswal

शनिवार की रात में पड़ी थीं तेज बौछारें, रविवार को छाए रहे बादल

ग्वालियर/वेब डेस्क। दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय होने से ग्वालियर-चम्बल संभाग के जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार की रात 12 बजे से करीब 15 से 20 मिनट तक जहां तेज बौछारें पड़ी थीं वहीं रविवार को तड़के करीब चार बजे भी हल्की बूंदाबांदी हुई। इस दौरान शहर में 5.2 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई, लेकिन सुबह होते ही मौसम शुष्क हो गया, जिससे तेज धूप खिली रही। दोपहर बाद आंशिक बादल छा गए, जबकि शाम को पूरा आसमान घने बादलों से घिरा नजर आया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के साथ ही मध्यप्रदेश के आसपास सक्रिय वेदर सिस्टमों के प्रभाव से ग्वालियर-चम्बल अंचल में चार से पांच दिन बादलों की आवा-जाही के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान 30 मिली मीटर या इससे अधिक बारिश होने की स्थिति में मौसम विभाग अंचल में मानसून पहुंचने की घोषणा कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर में मानसून आने की तारीख 26 जून निर्धारित है। पिछले साल भी मानसून ने 27 जून को दस्तक दी थी, लेकिन इस बार मानसून दस से 12 दिन पहले आने की संभावना जताई जा रही है।

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र, आगे बढ़ेगा मानसून

स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र रविवार को गहरे कम दबाव के क्षेत्र में बदलकर आगे बढऩा शुरू हो गया है। उधर केरल से महाराष्ट्र तक एक अपतटीय ट्रफ और पंजाब से बंगाल की खाड़ी तक ट्रफ बने हुए हैं। अरब सागर और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में ऊपरी हवा के चक्रवात मौजूद हैं। इसके चलते अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों ओर से नमी आ रही है। इन सभी कारणों से ग्वालियर-चम्बल संभाग में भी चार से पांच दिनों तक कहीं हल्की तो कहीं तेज बौछारें पडऩे की संभावना है। चूंकि मानसून आने के लिए परिस्थितियां काफी अनुकूल बनी हुई हैं। ऐसे में यदि अगले दो से तीन दिनों में संभाग में अनुकूल बारिश हुई तो यहां मौसम विभाग द्वारा मानसून आने की आधिकारिक घोषणा भी की जा सकती है।

रात में हुई बारिश से गिरा तापमान

पिछले कुछ दिनों से पश्चिम से गर्म हवाएं आने से तापमान बढ़ा हुआ था, लेकिन अब हवाएं पूर्व से आ रही हैं। इसके साथ ही शनिवार की रात में बारिश भी हो गई। इसके चलते दिन व रात दोनों समय के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 37.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 2.2 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 81 प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से 35 प्रतिशत कम है, जबकि शाम को हवा में नमी 71 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी औसत से 40 प्रतिशत अधिक है।

बारिश: रात में 5.2 मिमी बारिश

संभावना: 4 से 5 दिनों में बारिश के आसार

दस्तक: 15 जून तक मानसून आने की संभावना

तापमान: 2.5 डिग्री सेल्सियस गिरा

Updated : 14 Jun 2021 2:03 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top