पति-पत्नी पर पेट्रोल डालकर साहूकार ने जलाया, बेटी भी झुलसी

पति-पत्नी पर पेट्रोल डालकर साहूकार ने जलाया, बेटी भी झुलसी
X
गंभीर हालत, बर्न यूनिट में कराया भर्ती

ग्वालियर, न.सं.। थाटीपुर थाना क्षेत्र में दबंग साहूकार पेट्रोल लेकर कर्जदार के घर पहुंचा और दम्पति के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आकर दम्पति बुरी तरह झुलस गए। माता-पिता को आग से घिरा देखकर मासूम बच्ची भी उनको बचाने आई, जिससे वह भी झुलस गई। आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

सुरेश नगर में रहने वाले राजीव उर्फ मुरारी नागर 40 वर्ष टेंट संचालक है। सोमवार शाम के समय राजीव उनकी पत्नी सविता 35 वर्ष और उनकी मासूम बेटी घर पर थे। तभी विनोद कटारे निवासी भीमनगर राजीव के घर पहुंचा, उसके इरादे नेक नहीं थं। बताया गया है कि विनोद के कुछ रुपए राजीव के ऊपर उधार आ रहे थे। उसी रकम का तकादा वह कई बार राजीव से कर चुका था। हाथ में पेट्रोल लेकर गए विनोद कटारे ने राजीव उसकी पत्नी सविता के ऊपर डाल दिया और माचिस से आग लगा दी। दम्पति के ऊपर पेट्रोल डालते ही आग की लपटें उठने लगीं। पति-पत्नी जान बचाने के लिए एक दूसरे की आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। घर में मौजूद आठ वर्षीय नैन्सी अपने माता-पिता को बचाने के लिए दौड़ी वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गई। घर के अंदर से आ रही पति-पत्नी की चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़कर उनके घरों में पहुंचे और आग की लपटों से उन्हें किसी तरह बचाया। विनोद कटारे आग लगाने के बाद मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह राजीव सविता और बेटी को जयारोग्य चिकित्सालय की बर्न यूनिट में दाखिल कराया। पुलिस ने विनोद के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश दी है, लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका है।

इनका कहना है

विनोद कटारे ने दम्पति और उनकी मासूम बच्ची को पेट्रोल डालकर आग लगा दी है। तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है। आरोपी का लेनदेन का विवाद बताया गया है।

-आरबीएस विमल, थाटीपुर थाना प्रभारी

Tags

Next Story