Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > लोहा व्यापारियों के साथ अन्याय हुआ है: माया सिंह

लोहा व्यापारियों के साथ अन्याय हुआ है: माया सिंह

चेम्बर और कैट से नहीं पहुँचा एक भी पदाधिकारी

लोहा व्यापारियों के साथ अन्याय हुआ है: माया सिंह
X

ग्वालियर, न.सं.। पूरे पैसे जमा होने के 14 वर्ष बाद भी लोहा व्यापारियों को उनकी जमीन नहीं मिल पाई है। यह व्यापारियों के साथ अन्याय है। हम लोहा व्यापारियों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेंगे। यह बात लोहा व्यवसाई संघ के धरने में पहुँची पूर्व मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कही। इस धरने में एक खास बात यह रही कि दो दिन चले धरने में व्यापारियों की मुख्य संस्था मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं कैट का एक भी पदाधिकारी व्यापारियों को सहयोग प्रदान करने नहीं पहुँचा। इन संस्थाओं के सहयोग नहीं देने से व्यापारियों में जबरदस्त रोष है।

धरने में श्रीमती सिंह ने कहा कि मेरे इतने प्रयासों के परिणाम फलीभूत नहीं हो पाए। प्रशासन ने सरकार की मंशा नहीं समझी और उसके अनुरूप कार्य नहीं किया। इस बात को लेकर मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा करूंगी। धरना में समर्थन देने आए आप के शैलेन्द्र भदौरिया ने कहा कि जो सरकार 15 वर्ष बाद भी व्यापारियों को उनका हक नहीं दिला पा रही है वो सरकार जनता को क्या दे पाएगी। हर वर्ग शासन प्रशासन की निरंकुशता और भ्रष्टाचार से परेशान है। युवा क्रांतिकारी संघटन के अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाह एवं क्रांतिकारी जनशक्ति संघटन के मोनू यादव ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस का भ्रष्टाचारी अधिकारियों पर अंकुश नहीं है, इसलिए कैबिनेट में दो बार निर्णय होने के बाद भी अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं।

अचलेश्वर न्यास के अध्यक्ष हरीदास अग्रवाल ने कहा कि व्यापारिक संघठन अब वाट्सएप में लगे हैं। सूचनाओं के आदान-प्रदान का ही कार्य कर रहे हैं और अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षाओं की पूर्ति में लगे हैं। इस अवसर पर पूर्व सभापति लालजी जादौन ने कहा कि लोहा व्यापारियों को जगह मिलनी चाहिए अब सरकार को स्वयं संज्ञान लेकर कार्य करना चाहिए। संघ के संरक्षक रमेश अग्रवाल ने कहा कि नवीन लोहा मण्डी को लेकर राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और राजस्व मंत्री से मिलकर बात की जाएगी। आप पार्टी के श्याम सिंह गौर एवं ओ.पी. उपमन्यु ने भी समर्थन दिया। धरने पर लोहा व्यवसाई संघ के पूर्व अध्यक्ष अशोक गेंडा, संघ के अध्यक्ष संजय कट्ठल, उपाध्यक्ष संजय जैन, सचिव निर्मल जैन, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल एवं मनोज सरावगी आदि उपस्थित थे।

आज लगेंगे काले झण्डे:-

नवीन लोहा मंण्डी को लेकर ग्वालियर लोहा व्यवसायी संघ के व्यापारी सोमवार को पूरे लोहिया बाजार में काले झण्डे लगाकर अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे।

चेम्बर और कैट ने अनदेखा किया धरने को

व्यापारियों के पल-पल की साथी रही चेम्बर और कैट ने व्यापारियों के इस धरने को अनदेखा कर दिया और कोई भी सहयोग देने के लिए नहीं पहुँचा जबकि अन्य संस्थाओं के पदाधिकारी व मंत्री बिना बुलाए ही अपना समर्थन देने के लिए पहुँच गए। लोहिया बाजार के व्यापारियों का कहना है कि जब चुनाव व किसी अन्य आंदोलन की बात आती है तो यह लोग हमारे बाजारों के चक्कर लगाते हैं और फोन करते हैं। लेकिन आज किसी का भी कुछ पता नहीं है।

Updated : 14 Sep 2020 1:00 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top