Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > सिकंदर कम्पू में आधी रात को दिखा तेंदुआ, सीसीटीवी में तेंदुआ घरों के बाहर टहलता दिखा

सिकंदर कम्पू में आधी रात को दिखा तेंदुआ, सीसीटीवी में तेंदुआ घरों के बाहर टहलता दिखा

जिस रास्ते से आया था, उसी से वापस लौट गया

सिकंदर कम्पू में आधी रात को दिखा तेंदुआ, सीसीटीवी में तेंदुआ घरों के बाहर टहलता दिखा
X

ग्वालियर। भोजन-पानी की तलाश में तेंदुआ जैसे खूंखार जंगली जानवर अब शहर में घुसने लगे हैं। सोमवार की आधी रात में एक तेंदुआ शहर के सिकंदर कम्पू स्थित मस्जिद वाली गली, कुशवाह मार्केट और गुरुकृपा कॉलोनी में टहलता दिखा। मंगलवार को सुबह तेंदुआ के सीसीटीवी फुटेज सामने आते ही लोगों में भय का माहौल देखा गया।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार सोमवार की रात लगभग सवा एक बजे तेंदुआ मस्जिद वाली गली में आया। इस दौरान वह घरों के बाहर ऐसे टहल रहा था जैसे जंगल में विचरण कर रहा हो। तेंदुआ को देखकर कुत्तों ने भौंकना शुरू कर दिया। जब काफी देर तक कुत्तों का भौंकना बंद नहीं हुआ तो लोग बिस्तर से उठ गए। चोरों की आशंका के चलते आनंद कुशवाह सहित आसपास के अन्य लागों ने एक मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज देखे तो उनके होश उड़ गए। उसमें एक तेंदुआ सडक़ पर घूमता दिखाई दिया। आनंद कुशवाह का कहना है कि कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर उन्होंने अपने घर की खिडक़ी से झांककर देखा तो तेंदुआ दूसरी गली की तरफ जाते हुए दिखा। मंगलवार को सुबह यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। इसके बाद लोगों ने गुरुकृपा कॉलोनी में लगे एक और सीसीटीवी के फुटेज देखे तो उसमें भी तेंदुआ नजर आया। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन कर्मचारियों का दल मौके पर पहुंचा और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच-पड़ताल की। बस्ती के बाहर झाडिय़ों में भी तेंदुआ की तलाश की गई। इस दौरान तेंदुआ के वापस जाने के पदचिन्ह भी नजर आए। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उक्त तेंदुआ बड़ागांव के जंगल की ओर से आया था और उसी ओर वापस लौट गया।

सोमवार-मंगलवार की रात में एक तेंदुआ सिकंदर कम्पू स्थित गुड़ा-गुड़ी का नाका क्षेत्र में पहुंच गया था। उसके सीसीटीवी फुटेज और पद चिन्ह भी मिले हैं। यह तेंदुआ शीतला माता मंदिर के आसपास के जंगल से शिकार की तलाश में यहां आ पहुंचा होगा। वह जिस रास्ते से आया था, उसी रास्ते से वापस लौट गया है। उसकी ताजा लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

राजीव कौशल

उप वन मंडल अधिकारी, ग्वालियर

Updated : 21 Dec 2022 5:58 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top