Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > भगवान राम मंदिर के भूमिपूजन पर शहर में आज होगा दीपोत्सव

भगवान राम मंदिर के भूमिपूजन पर शहर में आज होगा दीपोत्सव

घर-घर दीपक प्रज्जवलित करने की हो रही हैं तैयारियां

भगवान राम मंदिर के भूमिपूजन पर शहर में आज होगा दीपोत्सव
X

ग्वालियर, न.सं.। पांच सौ बरस संघर्ष के बाद 05 अगस्त बुधवार को वह सुनहरा पल आ रहा है जिसमें मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या नगरी में हमारे आराध्य प्रभु श्रीराम के मंदिर का भूमिपूजन होने जा रहा है। वास्तव में हमारी पीढ़ी बहुत ही भाग्यशाली है जो इस महत्वपूर्ण पल की साक्षी बनेगी। इस पल को यादगार बनाते हुए शहर के सभी मंदिरों व घरों में दीप प्रज्वलित करते हुए विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। इस पल को लेकर सभी उत्साहित हैं। बाजारों में भी दीपकों की मांग बढ़ गई है और लोग दीपक खरीद रहे हैं।

दीप मालाओं से सजेगा अचलेश्वर मंदिर:-

श्री अचलेश्वर महादेव न्यास के सचिव भुवनेश्वर वाजपेयी ने बताया कि अयोध्या में रामलला मंदिर के भूमिपूजन के दिन ग्वालियर के महाकाल श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर को दीप मालाओं से सजाया जाएगा। संपूर्ण मंदिर पर लाइट लगाई जाएगी और बाबा की आरती शाम को सात बजे ढोल ताशे के साथ होगी। इस अवसर पर धमाके व पटाखे चलाकर भी उत्सव मनाया जाएगा। रामदरबार में विराजे श्री हरी विष्णु के अवतारी प्रभु श्री राम का भी विशेष शृंगार किया जाएगा।

रामायण पाठ का होगा आयोजन:-

गंगादास की बड़ी शाला में रात के समय भगवान राम की विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। इस मौके पर शाला में जगह-जगह दीपोत्सव किया जाएगा। साथ ही रामायण पाठ का आयोजन भी होगा। वहीं बोहडापुर स्थित बालाजी धाम मंदिर पर 11000 दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे।

फूलबंगला सजेगा एवं प्रसाद वितरण होगा:-

श्री सनातन धर्म मंदिर के अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने बताया कि बुधवार की शाम भगवान चक्रधर को राम के रूप में सजाया जाएगा। मंदिर में आकर्षक विद्युत सजावट एवं फूल बंगला सजाया जाएगा। मंदिर 501 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस मौके पर सूक्ष्म रूप में प्रसाद वितरण भी होगा।

राम मंदिर में फूलों का होगा श्रंगार:-

श्री राम मंदिर के अध्यक्ष राम निवास अग्रवाल ने बताया कि राम मंदिर पर आकर्षक विद्युत सजावट होगी। पूरा मंदिर दुल्हन की तरह सजेगा। भगवान श्रीराम का फूलों से विशेष श्रंगार किया जाएगा। मंदिर के चारों ओर दीप प्रज्वलन किए जाएंगे।

संत गजानन न्यास 510 दीपज प्रज्वलित करेगा:-

मीडिया प्रभारी निशिकांत सुरंगे ने बताया कि संत गजानन न्यास द्वारा बुधवार को एबी रोड स्थित संत गजानन महाराज मंदिर पर 501 दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे। मास्क व मानव दूरी का पालन करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ व रामधुन का आयोजन होगा।

यहां भी होंगे आयोजन:-

- पुजारी अशोक शर्मा ने बताया कि गरगज हनुमान मंदिर पर 501 दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे। साथ ही रामायण पाठ व सुंदरकांड पाठ का भी आयोजन किया जा रहा है।

- पुजारी सियाराम शर्मा ने बताया कि मंदिर पर 101 दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे और सुंदरकांड का पाठ होगा।

- पुजारी कमल किशोर पंडित ने बताया कि रोकडिय़ा सरकार मंदिर और कोटेश्वर मंदिर पर विशेष पूजा अर्चना के साथ दीप प्रज्वलन किए जाएंगे।

- फालका बाजार स्थित श्रीराम जानकी मंदिर पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

स्वामी विवेकानंद सेवा समिति द्वारा मंगलवार को 1000 घरों में मिट्टी के दीपक का वितरण किया गया। हर घर में पांच दीपक दिए गए और उनसे निवेदन किया गया कि वह बुधवार को अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर के अवसर पर अपने घरों पर पांच दीपक जलाएं एवं राम धुन सुंदरकांड हनुमान चालीसा का पाठ करें। हम लोग बड़े भाग्यशाली हैं कि 500 बरसों के बाद राम मंदिर बनने जा रहा है। बुधवार की रात को पूरे देश में दीपावली जैसा माहौल होगा। साथ ही पटाखे फोड़े जाएंगे और मिठाई वितरण की जाएगी। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद सेवा समिति के जिला अध्यक्ष नूतन श्रीवास्तव, संजीव शर्मा, बेटू शर्मा एवं शुभम त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।

Updated : 10 Aug 2020 10:11 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top