एक नवंबर को मनाया जाएगा करवाचौथ का त्यौहार, रात्रि 08:18 पर निकलेगा चांद

एक नवंबर को मनाया जाएगा करवाचौथ का त्यौहार, रात्रि 08:18 पर निकलेगा चांद
X
अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे बाजार

ग्वालियर। नवदुर्गा महोत्सव और विजयादशमी के बाद अब करवाचौथ त्योहार की धूम शुरू होने जा रही है। करवाचौथ का त्योहार एक नवंबर बुधवार को मनाया जाएगा। करवाचौथ को लेकर बाजारों में एक बार फिर से खरीदारी का दौर शुरू हो गया है और दिन से रात्रि तक बाजारों में लोगों की भीड़ हो रही है।

ज्योतिषाचार्य डॉ. सतीश सोनी के अनुसार करवाचौथ का त्यौहार एक नवंबर को मनाया जाएगा। इस दिन चांद रात्रि 08:18 बजे निकलेगा। करवाचौथ पूजा का शुभ मुहुर्त सायं 05:36 से 06:53 बजे तक है। पूजा अवधि का समय 01 घण्टा 17 मिनट है। व्रत का समय प्रात: 06:26 से रात्रि 08:18 बजे तक है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार चतुर्थी तिथि का आरंभ 31 अक्टूबर को रात्रि 09:30 बजे से शुरू होकर इसका समापन 01 नवम्बर को 09:19 बजे तक है।

धातू के करवे से पूजा होगी फलदाई:-

ज्योतिषाचार्य के अनुसार करवाचौथ पर अखंड सौभाग्य की कामना के लिए सुहागिन निर्जला व्रत रखेंगी। मान्यता है की धातु से बने करवे से चौथ के चंद्रमा का पूजन करना फलदाई होता है। लेकिन यथा शक्ति मिट्टी के करवे से भी पूजा की जा सकती है। इस दिन के बाद से ही ठंड शुरू होती है। इसलिए कहा जाता है कि करवे की टोटी से ही जाड़ा निकलता है और धीरे-धीरे वातावरण में ठंड का एहसास होने लगता है।

अब अवकाश के दिन भी बंद नहीं होंगे बाजार:-

इस समय त्योहारी सीजन की धूम मची हुई है। इस बार शहर में जबरदस्त व्यापार होने की भी संभावना है। व्यापारियों के अनुसार अब अवकाश के दिन भी बाजार खुले रहेंगे और खरीदारी का दौर जारी रहेगा।

सोना और चांदी के बढ़े दाम कर रहे हैं निराश:-

सराफा बाजार में इस समय सोना और चांदी के दाम बहुत बढ़े हुए हैं। सराफा में सोना 62250 रुपए प्रति दसग्राम तो चांदी 74400 रुपए किलो बिक रही है। सोना और चांदी के बढ़े हुए दाम इस करवाचौथ पर महिलाओं के लिए चिंता का विषय हैं। दाम अधिक होने से महिलाएं मनचाही चीजें खरीदने का मन नहीं बना पा रही हैं। व्यापारियों के अनुसार आने वाले दिनों में सोना और चांदी के दाम और अधिक बढऩे की संभावना है।

बाजार में बिकने के लिए आ गए हैं करवें:-

करवाचौथ के लिए बाजार में बिकने के लिए करवे भी आ गए हैं। महाराज बाड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में यह करवे खूब बिक रहे हैं। ब्यूटीपार्लरों पर भी महिलाओं का जाना शुरू हो गया है। वहीं कई महिलाओं द्वारा पार्लरों पर बुकिंग भी शुरू हो गई है।

Tags

Next Story