Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > मंत्री इमरती देवी ने भरा नामांकन, कमलनाथ पर लगाया आरोप, सुरेश राजे पर कसा तंज

मंत्री इमरती देवी ने भरा नामांकन, कमलनाथ पर लगाया आरोप, सुरेश राजे पर कसा तंज

दो वर्ष में इमरती की बढ़ गई 84.54 लाख की सम्पत्ति

मंत्री इमरती देवी ने भरा नामांकन, कमलनाथ पर लगाया आरोप, सुरेश राजे पर कसा तंज
X

ग्वालियर। विधानसभा उप चुनाव में डबरा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी के रूप में इमरती देवी ने गुरुवार को अपना पर्चा दाखिल किया। इमरती देवी की दो वर्ष में जहां सम्पत्ति 84.54 लाख बढ़ गई है वहीं आय में भी 2 लाख 79 हजार की वृद्धि हुई है। उनके द्वारा नामांकन के साथ दिए गए शपथ पत्र में उन्होंने अपनी आय 87.59 लाख रुपए दर्शाई है। साथ ही उनके पास 2 लाख 52 हजार नगदी, बैंक खातों सहित जमा कुल रकम 68.90 लाख रुपए है। जबकि उनके पति के पास 3 लाख रुपए नगद सहित कुल 12.24 लाख रुपए हैं। इसके अलावा इमरती देवी के पास एक स्कार्पियो वाहन ऋण पर है। इधर उनकी चल-अचल सम्पत्तियों में भी वृद्धि हुई है। इस बार दिए गए शपथ पत्र में उनके पास 220.52 लाख व उनके पति के पास 7.20 लाख की चल-अचल समपत्ति है। जबकि वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में दिए गए शपथ पत्र में उनकी आय 59.53 लाख रुपए थी। इसके अलावा चल-अचल सम्पत्ति में उनके पास 135.98 लाख थी, जिसमें दो वर्ष में 84.54 लाख की वृद्धि हुई है।

विधायकों को मिलते थे पांच लाख

पर्चा भरने के बाद इमरती देवी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जो लोग भूखा-नंगा बता रहे हैं वे अपने गिरेवान में झांके क्योंकि मुख्यमंत्री गरीब घर से हैं तभी तो गरीबों का दर्द समझते हैं। मैं कमलनाथ से पूछना चाहती हूं कि उनके नेता बिकाऊ के आरोप लगा रहे हैं, लेकिन वे बताएं कि मंत्री नहीं बनने वाले विधायकों को वे प्रतिमाह पांच लाख रुपए क्यों दिया करते थे। इमरती ने यह भी कहा कि उनके सामने चुनाव लड़ रहे सुरेश राजे 2013 में लड़े थे, तब 35 हजार से हारे थे और अब 80 हजार से हारेंगे। गद्दार व वफादार के सवाल पर इमरती देवी ने कहा कि हमारे साथ प्रदेश में सभी लोग वफादार हैं। गद्दार तो कमलनाथ हैं, जो खुद ही अपनी सरकार नहीं बचा सके।

नामांकन के दौरान उनके साथ प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा व सांसद विवेक शेजवलकर मौजूद रहे।

नामांकन दाखिल करने चार घंटे शेष

उप चुनाव में चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों के पास पर्चा दाखिल करने के लिए सिर्फ चार घंटे ही शेष बचे हैं। क्योंकि 16 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। इस दिन सुबह 11 से 3 बजे तक प्रत्याशी रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में अपना पर्चा दाखिल कर सकते हैं। जबकि नामांकन की जांच 17 अक्टूबर और 19 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

प्रभा गांधी ने भी भरा कांग्रेस से पर्चा

इधर विधानसभा 19 डबरा (अजा.) से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में प्रभा गांधी द्वारा भी गुरुवार को पर्चा दाखिल किया गया। जबकि सुरेश राजे गत दिवस ही कांग्रेस से अपना पर्चा दाखिल कर चुके हैं। इसलिए जिस प्रत्याशी द्वारा कांग्रेस का बी फार्म जमा किया जाएगा, उसे भी कांग्रेस का प्रत्याशी माना जाएगा।

इन प्रत्याशियों ने भरे पर्चे

-विधानसभा-15 ग्वालियर में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के रूप में रोशन बेग, चीना पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) एवं जितेन्द्र त्रिपाठी निर्दलीय।

-विधानसभा-16 ग्वालियर पूर्व में सुनील कुमार शर्मा सपाक्स पार्टी व नरेश चन्द्र शर्मा निर्दलीय।

-विधानसभा-19 डबरा (अजा.) इमरती देवी भारतीय जनता पार्टी, प्रभा गांधी इंडियन नेशनल कांग्रेस व रणवीर सिंह परिहार इंडियन नेशनल कांग्रेस।

तीन विधासभाओं में भरे जा चुके 23 पर्चे

-विधानसभा-15 में भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों सहित 6 प्रत्याशियों द्वारा पर्चे दाखिल किए जा चुके हैं।

-विधानसभा-16 में भाजपा व कांग्रेस सहित 9 प्रत्याशियों द्वारा पर्चे भरे हैं।

- विधानसभा-19-डबरा में भाजपा व कांग्रेस सहित 8 प्रत्याशियों ने अपने पर्चे दाखिल कर दिए हैं।

Updated : 12 Oct 2021 11:22 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top