साक्षात्कार : सुरक्षा, सम्मान और विकास की गारंटी देता हूं : लाल सिंह आर्य

राजीव अग्रवाल की लालसिंह आर्य से चर्चा -
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य छठवीं बार भिंड जिले की गोहद विधानसभा से एक बार फिर भाजपा की ओर से चुनाव मैदान में हैं। वे ऐसे प्रत्याशी हैं जिनके नाम की घोषणा पहली ही सूची में 17 अगस्त को की गई। यही कारण है कि उन्होंने 55 दिन में गोहद विधानसभा की आधी आबादी यानीकि 325 गांवों में से 150 गांव व 86 जनपद पंचायतों में से 46 में अपना चुनाव प्रचार अभियान पूर्ण कर लिया है। वे कहते हैं कि कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा सभी समझ चुके हैं, वह जातिगत भ्रम फैलाने के सिवा कुछ नहीं कर रही। वह आदिवासी, गरीब और अंबेडकर विरोधी पार्टी है और किसी का भी अपमान करने से नहीं चूक रही। जहां तक मेरे प्रत्याशी होने की बात है तो मैं जनता को सुरक्षा, सम्मान और विकास की गारंटी देता हूं।
श्री आर्य के साथ इस संवाददाता ने गुरुवार को गोहद विधानसभा क्षेत्र के तिलोरी,घिरोंगी,सिंगवारी, लहचूरा, शेरपुर, नागौर,बंधवालापुरा,पटकउपुरा गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान समर्थकों ने गोहद की नैया लाल सिंह भैया, विकास का पहिया लाल सिंह भैया के नारे लगाए।
जब कांग्रेस की सरकार बनी तो झूठ के सिवा कुछ नहीं किया
श्री आर्य ने स्वदेश से विशेष बातचीत में कहा कि कांग्रेस जातिगत जनगणना की बात उठाकर भारतीय संविधान, हिंदुस्तान और सभी तरह की व्यवस्थाओं को खत्म करने का काम कर रही है। उसका वोट पाने का यह फार्मूला कभी सफल नहीं होने वाला क्योंकि उसने हमेशा ही आदिवासी, गरीब और अंबेडकर का अपमान करने का काम किया है। जनता उनके फैलाए जा रहे भ्रम में कभी नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार बनी तो झूठ के सिवा कुछ नहीं किया। किसानों का 2 लाख का कर्ज माफ नहीं हुआ, बेरोजगारों को रोजगार और बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला, संबल योजना बंद कर दी गई। लेकिन जब पुन: शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार बनी तब विकास का पहिया तेजी के साथ चलना शुरू हो गया। भाजपा की अनेक योजनाओं का लाभ गरीब, आदिवासी और आम जनता के अलावा लाडली बहनाओं को मिल रहा है।
भाजपा में वरिष्ठ नहीं बल्कि सभी कार्यकर्ता भाव से कार्य करते हैं
चुनाव में वरिष्ठ नेताओं को प्रत्याशी बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व के सामने कोई वरिष्ठ नहीं बल्कि सभी कार्यकर्ता भाव से कार्य करते हैं इसीलिए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय, फग्गन सिंह कुलस्ते सभी कार्यकर्ता भाव से चुनाव लड़ रहे हैं। हम सभी को सैनिक की तरह मोर्चे पर भेजा गया है, यह विचारधारा की लड़ाई है इसलिए हम मोर्चे पर अड़े हैं पीछे हटने का कोई सवाल ही नहीं। गोहद से सिंधिया समर्थक रणवीर जाटव के टिकट कटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि श्री सिंधिया हमारे वरिष्ठ नेता है। गोहद क्षेत्र के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि यहां तेजी से सडक़, बिजली, पानी जैसे मूलभूत कार्य हुए हैं। नए महाविद्यालय, विद्यालय खुले हैं,नगर पालिका, नगर पंचायते बनी है, 154 गांवों के लिए 133 करोड़ की नल-जल योजना बनी है। मालनपुर के उद्योगों को भी सभी सुविधाएं दी जा रही है। यहां विश्वस्तरीय फैक्ट्रियां संचालित है जिनमें हजारों क्षेत्रीय लोगों को काम मिला है। क्षेत्र के कांग्रेस विधायक पर उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वह जीतने के बाद कभी यहां आए ही नहीं इसलिए जनता में उनके प्रति रोष है।
अहमदाबाद में 7 हजार मतदाता
श्री आर्य ने बताया कि गोहद क्षेत्र के लगभग 7 हजार मतदाता अहमदाबाद में कार्यरत हैं इसलिए दो दिन से वह उन्हीं के बीच थे।
