ग्वालियर में 'शादी में जरूर आना' वाला सीन, वरमाला के बाद बारातियों के बंधक, 9 लाख लेकर लौटाई बारात

ग्वालियरः मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक शादी में ऐसा सीन हुआ, जिसने बॉलीवुड हीरो राजकुमार राव की फिल्म शादी में जरूर आना की याद दिला दी। हालांकि फिल्म में तो अंत खुशी वाला था। लेकिन यहां मामला दुखद रहा। पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
दरअसल, इस शादी में अन्य शादियों जैसा ही सब सामान्य था। दूल्हे की बारात आई, द्वार पूजा के बाद स्टेज पर वरमाला भी हुई। लेकिन जब फेरों का समय आया तब असल ट्विस्ट सामने आया। दुल्हन ने दूल्हे के पैर में खराबी बताकर शादी रोक दी।
लड़की पक्ष ने बनाया बंधक
दुल्हन के पिता ने दूल्हे को पैरों से दिव्यांग बताकर बारात को लौटा दिया। आरोप है कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हा पक्ष के बारातियों को बंधक बना लिया। वे लोग बारातियों से 10 लाख रुपए की मांग करने लगे। दूल्हे के पिता ने बारातियों की जान छुड़ाने के लिए 9 लाख रुपए भी दे दिए।
9 लाख लेने के बाद बारात को छोड़ा
दूल्हे पक्ष के 9 लाख रुपए देने के बाद भी लड़की पक्ष वाले मुकर गए। इसके बाद बारात को बिना दुल्हन के वापस जाना पड़ा। जिसकी शिकायत दूल्हे के पिता ने थाने में की है। वहीं पुलिस इस मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। इस वारदात में तो चौंकाने वाला मामला तब सामने आया जब सबूत मिटाने के लिए फोटोग्राफर का कैमरा तक खाली करवा लिया गया।
दूल्हे के पिता ने दर्ज कराई शिकायत
दूल्हे प्रशांत कुशवाह और उसके पिता लोटन कुशवाह निवासी नादरिया की माता गुढ़ा ने ग्वालियर जनकगंज थाना शिकायत करने पहुंचे। पुलिस को बताया कि बेलदार का पुरा में रहने वाले धर्मजीत कोठारी कुशवाह की बेटी रितु से 11 दिसंबर को शादी होने वाली थी। जिस पर दुल्हन के यहां दूल्हा प्रशांत बारातियों के साथ बारात लेकर बेलदार का पूरा पहुंचा था और वहां स्टेज पर वरमाला भी हुई।
फेरे के समय दुल्हन लाने से किया इंकार
दूल्हा पक्ष ने बताया कि स्टेज पर फोटो सेशन भी हुआ। दुल्हन के साथ साथ में खाना भी खाया। लेकिन वरमाला के बाद जब मंडप में फेरे शुरू होने वाले थे तब दुल्हन नहीं आई। दूल्हा के परिजन ने जब दुल्हन न आने पर उसके परिजन से बात की तो उन्होंने दुल्हन को मंडप में लाने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि दूल्हा पैरों से दिव्यांग है। इतना कहकर 10 लाख की मांग करने लगे।
इसके बाद जनमासे की दोनों तरफ से दूल्हा पक्ष को घेर लिया। लड़की वालों ने फोटो ग्राफर को बंधक बनाकर फोटो वीडियो डिलीट कराए। साथ ही बारातियों को धमकाया तो दूल्हे के पिता ने 9 लाख रुपए दे दिए। इसका पंचनामा भी बना लेकिन फिर भी दुल्हन बिना लौटना पड़ा।
अपमान होने के बाद पिता ने दर्ज कराई शिकायत
दूल्हे के पिता को अपने साथ हुए इस घटना पर अपमान महसूस हुआ तो शिकायत लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने दुल्हन और उसके पिता के खिलाफ शिकायत की हैं। वहीं, पुलिस ने दूल्हे के पिता की शिकायत पर मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई शुरू कर दी हैं।
