Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > पांच दिन बाद पारा फिर 46 डिग्री के पार, 22 से 24 मई के बीच बारिश के आसार

पांच दिन बाद पारा फिर 46 डिग्री के पार, 22 से 24 मई के बीच बारिश के आसार

पांच दिन बाद पारा फिर 46 डिग्री के पार, 22 से 24 मई के बीच बारिश के आसार
X

ग्वालियर। पिछले एक सप्ताह से ग्वालियर सहित आसपास के जिलों में गर्मी चरम पर है। शुक्रवार को सूरज की भीषण तपन और राजस्थान की ओर से आईं उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं के चलते ग्वालियर शहर में पांच दिन बाद एक बार फिर अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। मौसम विज्ञानियों का पूर्वानुमान है कि शनिवार को भी मौसम इसी प्रकार गर्म रहेगा लेकिन रविवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। यानी 22 से 24 मई तक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान ग्वालियर सहित अंचल में बारिश भी हो सकती है।

ग्वालियर-चम्बल अंचल के आसपास वर्तमान में कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है जबकि राजस्थान की ओर से गर्म हवाएं आ रही हैं। इधर मौसम शुष्क होने से सूरज रौद्र रूप दिखा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने से सूरज ने जहां तेज धूप के रूप में आसमान से आग बरसाई वहीं लगभग छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं भी चलती रहीं। जिससे शहर में पूर्वान्ह 11 बजे से ही अत्यधिक गर्मी और लू की स्थिति निर्मित हो गई। दोपहर में तो गर्मी पूरे यौवन पर थी। इसके चलते शहर के बाजारों और सडक़ों पर लगभग सन्नाटा पसरा रहा।

स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि शनिवार को भी मौसम इसी प्रकार अत्यधिक गर्म रहने की संभावना है जबकि रविवार से भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि 22 मई रविवार को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में तीव्र आवृति वाला एक पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से 22 से 24 मई तक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान ग्वालियर-चम्बल सहित मध्यप्रदेश के अन्य क्षेत्रों मे तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में गिरावट होगी। जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि मई के अंतिम दिनों में प्री-मानसूनी गतिविधियां प्रारंभ हो जाएंगी। इसके चलते आगामी दिनों में अत्यधिक गर्मी और लू जैसी स्थिति निर्मित होने की संभावना कम है।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस बढक़र 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 1.4 डिग्री सेल्सियस बढक़र 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.9 डिग्री सेलिसयस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 33 और शाम को 31 प्रतिशत दर्ज की गई।

पूर्वान्ह 11.30 बजे ही पारा 44 डिग्री पर

भीषण गर्मी का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को सुबह 5.30 बजे जो तापमान 28.6 डिग्री पर था वह सुबह 8.30 बजे 38.0, पूर्वान्ह 11.30 बजे 43.8, मध्यान्ह 2.30 बजे 46.0 और शाम 5.30 बजे 44.0 डिग्री सेल्सियस पर था। मौसम के जानकारों का कहना है कि सुबह से दोपहर तक उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं चलीं। जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हुई लेकिन दोपहर बाद हवाओं का रुख बदलकर दक्षिण-पश्चिमी हो गया। इस वजह से दोपहर बाद तापमान में गिरावट शुरू हो गई। दोपहर बाद यदि हवाओं का रुख नहीं बदला तो ग्वालियर में आज तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता था।

पिछले एक सप्ताह का तापमान

तारीख अधिकतम न्यूनतम

  • 13 मई 46.2 28.4
  • 14 मई 46.1 26.7
  • 15 मई 46.6 29.5
  • 16 मई 44.3 33.7
  • 17 मई 43.6 28.9
  • 18 मई 44.7 28.1
  • 19 मई 45.3 26.5
  • 20 मई 46.4 27.9


Updated : 21 May 2022 2:19 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top