Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > सबसे गर्म रहा गुरुवार, पारा 40 डिग्री के पार, आज 42 डिग्री तक जा सकता है पारा

सबसे गर्म रहा गुरुवार, पारा 40 डिग्री के पार, आज 42 डिग्री तक जा सकता है पारा

दोपहर बाद छा सकते हैं घने बादल

सबसे गर्म रहा गुरुवार, पारा 40 डिग्री के पार, आज 42 डिग्री तक जा सकता है पारा
X

ग्वालियर। शुष्क मौसम और सूरज के तीखे तेवरों की वजह से मौसम अब और अधिक गर्म हो गया है। सीजन में पहली बार 40 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ गुरुवार सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है जबकि दोपहर बाद घने बादल छा सकते हैं। हालांकि बारिश की संभावना कम है।

गुरुवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। बावजूद इसके सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे नजर आए। दोपहर होते-होते धूप असहनीय लगने लगी। इसके चलते पिछले दिन की अपेक्षा अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 40 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा जो औसत से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 0.9 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 46 और शाम को 23 प्रतिशत दर्ज की गई। अपै्रल के पहले पखवाड़े में पिछले सालों के तापमान के आंकड़े देखें तो इससे पहले 15 अपै्रल 2020 को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी भाग में चक्रवात बना हुआ है। विदर्भ के पूर्वी हिस्से से तटीय कर्नाटक तक द्रोणिका गुजर रही है। शनिवार 15 अपै्रल को हिमालय में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पहुंचने की संभावना है। ग्वालियर-चंबल संभाग में इन मौसम प्रणालियों का आंशिक प्रभाव आज से ही दिखने लगा है। यहां आंशिक बादल छा गए हैं। बावजूद इसके शुक्रवार 14 अपै्रल को तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि संभव है। इसी दिन दोपहर बाद बादलों का घनत्व बढ़ सकता है। शनिवार 15 अपै्रल को भी बादल छाए रहने की संभावना है। इसके चलते शनिवार को अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट हो सकती है। हालांकि इस दौरान संभाग में बारिश की संभावना कम है लेकिन कहीं-कहीं तेज हवा या गरज-चमक के साथ छींटाकशी हो सकती है।

Updated : 14 April 2023 12:30 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top