Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > ग्वालियर में दो से तीन दिन में मानसून देगा दस्तक, 48 घंटे बाद तेज बारिश की आशंका

ग्वालियर में दो से तीन दिन में मानसून देगा दस्तक, 48 घंटे बाद तेज बारिश की आशंका

ग्वालियर में दो से तीन दिन में मानसून देगा दस्तक, 48 घंटे बाद तेज बारिश की आशंका
X

File Photo 

ग्वालियर। ग्वालियर-चम्बल के आसपास वेदर सिस्टम तो मौजूद हैं, लेकिन हवाएं विपरीत होने से उनका असर यहां तक नहीं पहुंच रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश की उम्मीद है, लेकिन अगले 48 घंटे बाद अंचल में बादल गरज-चमक के साथ तेज अंदाज में बरस सकते हैं। साथ ही अगले दो दिन में मौसम विभाग अंचल में मानसून पहुंचने की घोषणा भी कर सकता है।

सालों के आंकड़े देखें तो ग्वालियर में मानसून आने से पहले जून में प्री मानसून के तहत संतोषजक बारिश होती रही है, लेकिन इस बार प्री मानसून भी कमजोर नजर आ रहा है और जून के गुजरे 17 दिनों में शहर में मात्र 9.7 मिली मीटर ही बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले साल 17 जून तक 22.4 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि शहर के आसमान में बादल आए दिन घुमड़ रहे हैं, लेकिन विभिन्न कारणों से बारिश नहीं हो रही है। गुरुवार को भी बिखरे हुए बादल छाए रहे, जिससे तेज धूप निकली। इसके चलते दिन के तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई।

चक्रवाती हवाओं -

मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार इस समय पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही दक्षिणी पंजाब से हरियाणा, उत्तरी उत्तर प्रदेश, बिहार के मध्य भागों से होते हुए पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका भी बनी हुई है, लेकिन इन सिस्टमों का असर पूर्वी मध्यप्रदेश में अधिक है। इसके चलते अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर-चम्बल संभाग के शिवपुरी, दतिया, गुना, अशोकनगर जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम गति से बारिश होने की उम्मीद है, जबकि ग्वालियर सहित शेष जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की ही उम्मीद है, लेकिन हवाओं की दिशा अनुकूल होने से अगले 48 घंटे बाद मौसम में परिवर्तन दिखेगा। इसी बीच एक पश्चिमी विक्षोभ भी आने वाला है। इससे अंचल के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है। यदि अनुकूल बारिश हुई तो अंचल में मानसून पहुंचने की आधिकाकि घोषणा भी की जा सकती है।

मौसम में उतार-चढ़ाव -

तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पास: मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते तापमान भी आए दिन कभी नीचे तो कभी ऊपर पहुंच रहा है। इसी क्रम में पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 3.0 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 61 प्रतिशत दर्ज की गई, जो औसत से 13 प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 53 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी औसत से 19 प्रतिशत अधिक है।

Updated : 12 Oct 2021 10:28 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top