ग्वालियर में आज से मछलीघर में देख सकेंगे अफ्रीका की ब्लैक आस्कर, टी शार्क सहित 40 प्रजाति की मछलियां

ग्वालियर में आज से मछलीघर में देख सकेंगे अफ्रीका की ब्लैक आस्कर, टी शार्क सहित 40 प्रजाति की मछलियां
X
सुबह 12 बजे से रात्रि 8 बजे तक मिलेगा प्रवेश

ग्वालियर,न.सं.। बोट क्लब पर सैलानियों के लिए एक और पिकनिक प्वाइंट तैयार हो गया है। नगर निगम ने बंद पड़े मछली घर को एक बार फिर से संजा-संवारकर तैयार कर दिया है। फूलबाग स्थित वोट क्लब पर मछलीघर का पुन: जीर्णोद्धार कर शहर वासियों को मछलीघर देखने के लिए9 जुलाई से खोला जा रहा है। नोडल अधिकारी शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार मछलियों की संख्या भी बढ़ाई गई है। मछली घर में इस बार 40 से अधिक अलग-अलग प्रजाति की 700 मछलियां रखी गई हैं। इनमें विदेशी मछलियों के साथ ही इस बार देशी मछलियों को भी सैलानियों के देखने के लिए रखा गया है। फूलबाग स्थित बोट क्लब पिछले आठ वर्षों से बंद पड़ा था, जिसे अब दोबारा से सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनाने के लिए तैयार कर दिया गया है। इसमें मछली घर में कांच के 16 बाक्स तैयार किए गए हैं। इनमें जापान और अफ्रीकन प्रजाति की मछलियों को कोलकाता से मंगाकर छोड़ा गया है। इसमें अफ्रीका की ब्लैक आस्कर, टी शार्क, मिल्की कार्प आदि प्रजातियां शामिल हैं। इसके अलावा यहां अमेरिकन कछुओं को भी एक बाक्स में रखा गया है। सैलानियों को गर्मी से राहत देने और मछली घर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए चार एसी लगाने के साथ ही ऑक्सीजन सप्लाइ सिस्टम, एयर फिल्टर, वाटर फिल्टर और पीएच मीटर भी लगाए गए हैं।

-ये रहेगा शुल्क

इन मछलियों को अप्रैल में मछलीघर में छोड़ा गया था। इसके बाद सर्वाइव रेट देखने के बाद इसे सैलानियों के लिए खोला जाएगा। फिलहाल इस मछलीघर को सैलानियों के लिए दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक के लिए खोला जाएगा। बड़ों के लिए 40 रुपए और बच्चों के लिए 20 रुपए की एंट्री फीस निर्धारित की गई है।

-रोहू, कतला भी देख सकेंगे-

इस मछली घर में विदेशी के अलावा अब देशी मछलियों को भी रखा गया है। ये मछलियां स्थानीय वाटर बाडीज जैसे तिघरा, सिंध नदी के अलावा आसपास के तालाबों में पाई जाती हैं। इनमें रोहू, कतला, सिंघाड़ा, मलई जैसी 20 मछलियों को एक बड़ा पान्ड बनाकर छोड़ा गया है।

Tags

Next Story