गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आठ दिन होंगे विभिन्न कार्यक्रम

ग्वालियर, न.सं.। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस 25 दिसम्बर को धूमधाम एवं भव्यता के साथ ग्वालियर गौरव दिवस मनाया जायेगा। 25 दिसम्बर की शाम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में महाराज बाड़े पर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में मुख्य आयोजन होगा। यहां विख्यात सरोद वादक अमजद अली खान व उनके पुत्रों की प्रस्तुति, विख्यात हॉलीवुड सिंगर की टीम की प्रस्तुति के साथ ही अटल सम्मान एवं राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन भी होगा। वहीं गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधीश कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा निर्देश जारी किए। जिलाधीश ने बैठक में निर्देश दिए कि गौरव दिवस के उपलक्ष्य में 18 से 25 दिसम्बर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, इसलिए सारी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्य आयोजन में ममुख्य मंत्री एवं अन्य अतिथ्यिों द्वारा अटल सम्मान, पुरस्कार वितरण का आयोजन होगा। इस अवसर पर डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से भी ग्वालियर के हैरीटेज विकास एवं संगीत पर जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में हमारे अटल प्यारे अटल कवि सम्मेलन एवं अटल सम्मान दिया जाएगा। जिलाधीश श्री सिंह ने यह भी कहा कि सभी आयोजनों के लिए नोडल अधिकारी एवं प्रशासनिक समन्वय अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी प्रशासनिक अधिकारी और नोडल अधिकारी अपने-अपने आयोजनों को भव्यता एवं गरिमा के साथ आयोजित करें, इसकी सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
आठ दिन में यह होंगे कार्यक्रम
- 18 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे से एमएलबी कॉलेज के खेल मैदान पर फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
- 19 दिसम्बर को शाम 5 बजे से महाराज बाड़े के टाउन हॉल पर बाल कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
- 20 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे से महाराज बाड़े से फूलबाग मैदान तक अटल मैराथन का आयोजन किया जाएगा।
- 21 दिसम्बर को बैजाताल पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
- 22 दिसम्बर को महिला खेल एकेडमी के मैदान पर हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
- 23 दिसम्बर को जलविहार में फूड, फ्लॉवर एवं वेजीटेबल प्रतियोगिता का आयोजित होगी।
- 24 दिसम्बर को आईटीएम विवि में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
- 25 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे अटल गैलरी गोरखी स्कूल में पुष्पांजलि सभा का आयोजन होगा। सायंकाल 3 से 4.30 बजे तक ग्वालियर के विभिन्न क्षेत्रों से अटल उत्साह रैली निकाली जाएगी जो महाराज बाड़े पर एकत्र होगी। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। यहां पर विख्यात सरोद वादक अमजद अली खान एवं उनके पुत्रों द्वारा प्रस्तुति दी जायेगी। इस मौके पर विख्यात हॉलीवुड सिंगर एवं सा रे गा म पा की टीम द्वारा भी प्रस्तुति दी जाएगी।
