पुलिस की सूचना पर बेकरी पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी, लिए नमूने

ग्वालियर। त्योहार नजदीक आते ही शहर भर में मिलावट खोर सक्रिय हो गए हैं। इसी के चलते पुलिस की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी एक बेकरी पर पहुंचे और नमूने लिए। दरअसल पुलिस विभाग से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सूचना मिली थी कि जलालपुर रोड स्थित गिर्राज बेकरी पर मिलावटी खाद्य सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी लोकेन्द्र सिंह, राजेश गुप्ता एवं दिनेश सिंह निम मय पुलिसबल के साथ रविवार को फर्म श्री गिर्राज बेकरी पहुंचे।
जहां मौके पर प्रमोद कुशवाह मौजूद मिले। बेकरी पर जब टीम पहुंची तो रस्क (टोस्ट ) का निर्माण कार्य चल रहा था। टीम ने फार्म का निरीक्षण कर मुन्नाजी प्रीमियम रस्क, मुन्नाजी डिलीयस रस्क, मैदा एवं रिफाइण्ड सोयाबीन तेल के नमूने लिए। उक्त सभी नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे जाएंगे, जहां से रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी।
