मीसाबंदियों को मरणोपरांत परिवार को दिए जाएंगे पांच हजार

ग्वालियर, न.सं.। ग्वालियर जिले में लोकतंत्र सेनानी (मीसाबंदी) के दिवंगत होने पर उनकी अंत्येष्टि में शासन की ओर से सम्मान स्वरूप पदेन क्षेत्रीय तहसीलदार शामिल होंगे तथा मरणोपरांत अंत्येष्टि के लिए परिवार प्रमुख को 5 हजार रुपए की सहायता भी दी जायेगी। यह आदेश जिलाधीश कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने जारी करते हुए लोकतंत्र सेनानी संघ को भी अवगत कराया है। इसे लेकर संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
ज्ञात रहे कि राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 18 सितंबर 2018 को आदेश जारी कर उपरोक्तानुसार कार्यवाही करने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन राज्य में कांग्रेस सरकार सत्तारूढ़ हो जाने के कारण इस दिशा में कोई भी कार्यवाही न करते हुए ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। उक्त संबंध में संगठन के पदाधिकारी निरंतर सांसद तथा जिला प्रशासन से आग्रह करते रहे। गत दिनों कलेक्ट्रेट में सांसद विवेक शेजवलकर की अध्यक्षता में हुई दिशा की बैठक में इस विषय को रखा गया। जिसे मान्य कर दिया गया तथा प्रशासन ने इस संबंध में मंगलवार को आदेश भी जारी कर दिए। लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय सयुंक्त सचिव तथा प्रदेश मंत्री मदन बाथम सहित मोहन विटवेकर, अध्यक्ष गुलशन गोगिया, कार्यकारी अध्यक्ष जीपी गर्ग, गोपाल गांगिल आदि ने उक्त आदेश जारी होने पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर एवं जिलाधीश कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।
