Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > चीनी कंपनी ईकोग्रीन ने डाले हथियार, निगम की चतुरंगी सेना मैदान में

चीनी कंपनी ईकोग्रीन ने डाले हथियार, निगम की चतुरंगी सेना मैदान में

निगम अधिकारी नहीं ले पा रहे निर्णय, गले की फांस बनी कंपनी

चीनी कंपनी ईकोग्रीन ने डाले हथियार, निगम की चतुरंगी सेना मैदान में
X

ग्वालियर, न.सं.। शहर की सफाई व्यवस्था का ठेका लेने वाली चीनी कंपनी ईको ग्रीन कंपनी अब फेल होती नजर आ रही है। ईको ग्रीन कंपनी को सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम द्वारा कई बार चेतावनी दिए जाने के बाद भी जब कंपनी अपना काम करने में असफल नजर आई। जिसके चलते अब कंपनी ने अपने हथियार डाल दिए हैं। क्योंकि नगर निगम आयुक्त द्वारा दो दिन का समय देने के बावजूद कंपनी के कर्मचारी मैदान में नहीं उतरे। तब नगर निगम को शहर की सफाई का जिम्मा उठाना पड़ा और अब नगर निगम ने ही शहर से कचरा समेटना शुरू कर दिया है। नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था का ठेका चीनी कंपनी की ईको ग्रीन को दिया था। शुरू में तो ईको ग्रीन कंपनी डोर टू डोर कचरा तक ही सीमित नजर आई लेकिन धीरे-धीरे कंपनी के काम करने का तरीका बदल गया और उसने अपने सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन देना भी बंद कर दिया। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए और शहर की सफाई व्यवस्था ठप हो गई। ईको ग्रीन कंपनी द्वारा रखे गए सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन न दिए जाने के कारण पिछले कई दिनों से कंपनी के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे हैं। जिसके कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे नजर आने लगे। इसके बाद भी निगम आयुक्त ईको ग्रीन कंपनी पर मेहरबानी दिखाते हुए बार-बार उसे समय देते रहे। आखिर जब कंपनी पूरी तरह से फेल होती नजर आई तो नगर निगम के अधिकारियों को शहर की सफाई व्यवस्था संभालने के लिए अपनी चतुरंगी सेना को लेकर ही मैदान में उतरना पड़ा। अब नगर निगम का सफाई अमला शहर से कचरा समेटने में जुटा हुआ है और ईको ग्रीन कंपनी पूरी तरह से हाथ खड़े करती नजर आ रही है।

निगम ने पैसे दिए, फिर भी एक माह का दिया वेतन

नगर निगम ने ईकोग्रीन कंपनी को अनुबंध के हिसाब से 40 प्रतिशत भुगतान बीते दिनों किया था। लेकिन उसके बाद भी कंपनी ने अपने कर्मचारियों को सिर्फ एक माह का ही वेतन दिया है। जबकि कर्मचारियों का कहना है कि दो माह वेतन अभी भी रूका हुआ है।

42 वार्डों में संभालती है कमान

ईको ग्रीन कंपनी 42 वार्डों में सफाई व्यवस्था संभालती है, हड़ताल से वहां हालात खराब हैं। इन क्षेत्रों में गाडिय़ां नहीं पहुंच रही हैं, जिससे लोग यहां वहां कचरा डालने को मजबूर हैं। नगर निगम अधिकारियों द्वारा निगम के 2000 से अधिक कर्मचारियों द्वारा दोहरी शिफ्ट में काम कर इन वार्डों में सफाई व्यवस्था संभालने की बात कही जा रही है, लेकिन हकीकत में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं।

निगम ने किराए पर लिए वाहन

ईकोग्रीन की हड़ताल को देखते हुए नगर निगम ने आनन-फानन में दस ट्रैक्टर ट्रॉली, दो जेसीबी मशीन व डम्पर को किराए पर लिया है। इनकी मदद से वह शहर के कचरा एकत्रित कर लैंडफिल साइट तक पहुंचाया जाएगा।

इनका कहना है

ईकोग्रीन कंपनी से चर्चा की जा रही है। काम सबको मिलकर करना है। शहर की सफाई व्यवस्था पर पूरा ध्यान दिया जाएगा।

आशीष सक्सैना, निगम प्रशासक एव संभागीय आयुक्त ग्वालियर

Updated : 12 Oct 2021 11:22 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top