आज मनाया जाएगा दशहरा, शताब्दीपुरम में 65 और फूलबाग मैदान में 60 फीट के पुतलों का होगा दहन

ग्वालियर। दशहरा हिन्दुओं का मुख्य त्योहार है। यह त्योहार 24 अक्टूबर मंगलवार को मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य डॉ. एचसी जैन के अनुसार इस दिन भगवान राम ने रावण का वध किया था। वहीं एक अन्य मान्यता के अनुसार इसी दिन मां दुर्गा ने 9 दिनों युद्ध के बाद महिषासुर का वध किया था। यह दिन न केवल रावण पर श्रीराम की विजय बल्कि बिना किसी मुहुर्त के शुभ कार्यों को करने का भी दिन भी है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार इस दिन वाहनों, भूमि, मकान, वस्त्र, आभूषण आदि की खरीदारी की जा सकती है। इन कार्यों के लिए किसी भी मुहूर्त को देखने की आवश्यकता नहीं होती है। साथ ही वाहनों का पूजन भी किया जाएगा। वहीं शताब्दीपुरम में शहर के सबसे बड़े रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस मौके पर जोरदार आतिशबाजी भी की जाएगी।
सिंधिया ने गोरखी देवघर में किया पूजन:-
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गोरखी स्थित देवघर पहुंचकर विजयादशमी का पूजन किया। श्री सिंधिया अपने पुत्र महानआर्यमन के साथ शाही पारम्परिक लिबास में देवस्थान पहुंचे। यहां शस्त्र पूजन कर विजयादशमी का पूजन किया। यहां सिंधिया परिवार के राज पुरोहितों ने उन्हें विधि विधान के साथ पूजन कराया।
गंगादास की शाला में होगा शस्त्रों का पूजन:-
शहर के ऐतिहासिक एवं प्राचीन धार्मिक स्थल सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला में विजयादशमी का पर्व मंगलवार को दोपहर 12 बजे धूमधाम से मनाया जाएगा। शाला के महंत रामसेवकदास महाराज के सानिध्य में अंचल के साधु संत शाला पर एकत्रित होकर 1857 में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के साथ अंग्रेजों से लड़ते हुए शहीद हुए संतों के शस्त्रों के हथियारों बरछी, कृपाण, कटारी, तलवार, चिमटे का पूजन करेंगे। शाला में परंपरागत रूप से निर्मोही, निर्वाणी और दिगंबर अखाड़े के निशानों का पूजन भी किया जाएगा। इसके बाद साधु संत शाला परिसर में शस्त्र पूजन करेंगे।
कहां-कहां होगा रावण दहन:-
- शताब्दीपुरम स्थित नवीन दशहरा मैदान में 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
- रामलीला समारोह समिति द्वारा रात 10 बजे फूलबाग मैदान में 60-60 फीट के रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।
- जीवाजी क्लब में रात्रि 9 बजे 50 फुट का रावण और 35-35 फुट के कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके बाद मुंबई से आए कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
- लोको मैदान में 50 फीट का रावण और 25-25 फीट के कुंभकरण मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा।
- दीनदयाल नगर सेक्टर सी में 60 फुट का रावण और 58-58 फीट के कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन होगा।
