धनतेरस का त्योहार आज, बाजारों में बरसेगा धन ही धन

ग्वालियर, न.सं.। धनतेरस का त्योहार 10 नवंबर शुक्रवार को शुभ योगों में मनाया जाएगा। इस दिन बाजारों में जबरदस्त धन बरसेगा। संभावना है कि इस दिन शहर का कारोबार 150 करोड़ से अधिक का हो सकता है। वहीं ग्राहकों के लिए सराफा बाजार शुक्रवार को सुबह 9 बजे खुल जाएगा और शनिवार की सुबह 5 बजे तक खरीदारी के लिए खुला रहेगा। धनतेरस के लिए व्यापारियों ने भी अपने-अपने संस्थानों को दुल्हन की तरह सजा लिया है।
ज्योतिषाचार्य सुनील चोपड़ा के अनुसार वैदिक पंचांग के अंतर्गत हर वर्ष कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। इस वर्ष कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 10 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट से आरंभ हो जाएगी। तिथि का समापन 11 नवंबर को दोपहर 01 बजकर 57 मिनट पर होगा। उदया तिथि के आधार पर धनतेरस का पर्व 10 नवंबर शुक्रवार को प्रदोषकाल में मनाया जाएगा। इस वर्ष धनतेरस के दिन सोना और चांदी खरीदने का सबसे शुभ समय 10 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 35 मिनट से 11 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 57 मिनट तक है।
धनतेरस पर शुभ चौघडिय़ा:-
धनतेरस पर सुबह 11 बजकर 59 मिनट से दोपहर 01 बजकर 22 मिनट तक शुभ चौघडिय़ां होने के कारण अच्छा मुहूर्त है। इसके बाद शाम को 4 बजकर 7 मिनट से शाम 5 बजकर 30 मिनट तक चर चौघडिय़ां होने कारण भी खरीदारी करने के लिए अबूझ मुहूर्त रहेगा। इसी क्रम में प्रीति योग शाम को 5 बजकर 06 मिनट से शुरू होगा। यह समय भी खरीदारी के लिए बेहद ही शुभ है।
यह सामान खरींदे:-
धनतेरस के दिन तांबा, पीतल और कांसा से बने बर्तन, सोना-चांदी, लक्ष्मी-गणेश, झाडू, इलेक्ट्रोनिक्स सामान आदि खरीदना बेहद ही शुभ है।
राशि के अनुसार करें खरीददारी:-
- मेष राशि का स्वामी मंगल है। चांदी के बर्तन खरीदने चाहिए।
- वृषभ राशि का स्वामी शुक्र है। सोना-चांदी, हीरे या कांस्य के बर्तन खरींदे।
- मिथुन राशि के स्वामी बुध हैं। जमीन या फर्नीचर खरींदे।
- कर्क राशि के स्वामी चंद्रमा हैं। मां लक्ष्मी का श्रीयंत्र खरींदे।
- सिंह राशि के स्वामी सूर्य हैं। इलेक्ट्रॉनिक या कांस्य की वस्तुएं खरींदे।
- कन्या राशि के स्वामी बुध हैं। कांसे के बर्तन और हाथी दांत से बनी वस्तुएं खरींदे।
- तुला इस राशि के स्वामी शुक्र हैं। पूजन, श्रृंगार और साज सज्जा की वस्तुएं खरींदे।
- वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल हैं। सोने-चांदी के आभूषण, मिट्टी और तांबे के बर्तन खरींदे।
- धनु राशि के स्वामी गुरु हैं। खजूर से निर्मित झाडू और चांदी के सिक्के खरींदे।
- मकर राशि के स्वामी शनि हैं। चांदी से निर्मित सिक्के, झाडू और गोमती चक्र खरीदें।
- कुंभ राशि के स्वामी शनि हैं। चांदी और स्टील के बर्तन खरींदे।
- मीन राशि के स्वामी गुरु हैं। चांदी के सिक्के, तांबे के बर्तन और झाडूं खरींदे।
हॉलमार्क देखकर और पक्के बिल के साथ ही खरींदे सोना
24 की जगह थमा सकते हैं 18 कैरेट का सोना, संभलकर करें खरीदारी:-
धनतेरस जैसे त्योहारों पर बाजार में नकली सामान की बाढ़ आ जाती है। व्यापारी अधिक पैसा कमाने के चक्कर नकली चांदी के सिक्के बेचते हैं। वहीं ग्राहकों को 24 की जगह 18 कैरेट्स का सोना थमा देते हैं। इसमें होता यह है कि 18 कैरेट्स का सोना 24 कैरेट्स से काफी सस्ता होता है। 18 कैरेट्स का सोना किसी मतलब का नहीं होता है और पैसे 22 या 24 कैरेट के लिए जाते हैं। इसलिए बाजार में खरीदारी करते समय सोने पर हॉलमार्क देखकर और पक्का बिल लेकर ही खरीददारी करें। साथ ही मेकिंग चार्ज के नाम पर बाजार में जबरदस्त लूट मची हुई है, इसलिए इसमें भी सोच-समझकर सोने की खरीदारी करें।
संभावित कारोबार:-
धनतेरस के दिन संपूण शहर में स्वर्ण बाजार 80 करोड़ से अधिक, बर्तन 4 करोड़, इलेक्ट्रोनिक्स 20 करोड़, ऑटोमोबाइल 40 करोड़, कपड़ा बाजार 7 करोड़ और अन्य क्षेत्र में 6 करोड़ का कारोबार होने की संभावना है।
चांदी 5 ग्राम सिक्का 400 और 10 ग्राम सोने का 63 हजार में:-
धनतेरस के दिन सोना और चांदी के सिक्कों की जबरदस्त खरीदारी होनी है। बाजार में इस समय 5 ग्राम चांदी का 400 रुपए, 10 ग्राम 800 रुपए, 20 ग्राम 1600 रुपए, 50 ग्राम 4000 रुपए और 100 ग्राम का 8000 रुपए का है। इसी के साथ सोने के 10 ग्राम का सिक्का 63,000 रुपए में बिक रहा है।
बाजार में चलना हुआ दूभर:-
इस त्योहारी सीजन में शहर के बाजार भीड़ से पटे हुए हैं। हालत यह है कि बाजारों में चलना तक मुश्किल हो रहा है। जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई है। महाराज बाड़ा से लगे क्षेत्रों की हालत तो ओर भी खराब है। यहां हद से ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है।
