Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > इस बार दो दिन मनेगी धनतेरस, छोटी और बड़ी दीपावली एक ही दिन

इस बार दो दिन मनेगी धनतेरस, छोटी और बड़ी दीपावली एक ही दिन

इस बार दो दिन मनेगी धनतेरस,  छोटी और बड़ी दीपावली एक ही दिन
X

ग्वालियर, न.सं.। दीपावली पर मनाया जाने वाला दीपोत्सव का त्यौहार इस बार पांच नहीं चार दिन का होगा। इस बार धनतेरस 12 नवंबर गुरूवार और 13 नवंबर शुक्रवार को दो दिन मनाई जाएगी। इस दिन की हुई खरीदारी शुभकारी होगी। वहीं इस बार छोटी और बड़ी दीपावली एक ही दिन ही मनाई जाएगी।

ज्योतिषाचार्यों की राय के अनुसार त्रयोदशी तिथि 12 नवंबर गुरूवार को रात्री 9.30 बजे से प्रारंभ होगी जो 13 नवंबर को शाम 5.59 बजे तक रहेगी। इस हिसाब से धनतेरस की खरीदारी गुरूवार को रात्रि में और शुक्रवार को की जा सकती है। इसी के साथ धन त्रयोदशी पूजन और यमदीपदान व धनवंतरी पूजन 13 नंवबर को होगा। इसके बाद 13 नवंबर को ही शाम 6 बजे चतुदर्शी तिथि (छोटी दीपावली) लग जाएगी जो 14 नवंबर को दोपहर 2.17 बजे तक रहेगी। इसके बाद अमावस्या (बड़ी दीपावली)तिथि लग जाएगी जो 15 नवंबर को सुबह 10.36 बजे तक रहेगी। इसके बाद ही गोवर्धन भगवान की पूजा की जा सकेगी।

द्वितिय तिथि का हो रहा है छय:-

ज्योतिषाचार्य के अनुसार पंचांग गणना में इस बार द्वितीय तिथि का क्षय हो रहा है। इसके अनुसार दीप पर्व में रूप चौदस सुबह (छोटी दीपावली) तो महालक्ष्मी पूजन शाम को किया जा सकेगा। पूर्व में भी इसी तरह दीप उत्सव मनाया जा चुके हैं। 13 नवंबर को प्रदोष काल में धनतेरस एवं दीप दान शिवरात्रि का प्रदोष के पर्व के साथ धनवंतरी जयंती भी मनाई जाएगी। रूप चौदस चतुर्दशी का पर्व अरुणोदयम से पूर्व मनाया जाएगा। 14 नवंबर महालक्ष्मी पूजन के समय स्वाति नक्षत्र सौभाग्य योग तुला राशि का चंद्रमा तुला राशि का सूर्य धनु राशि के गुरु में होगा।

ऐसे मनेंगे त्यौहार:-

- 13 नवंबर को धनतेरस।

- 14 नवंबर को छोटी और बड़ी दीपावली

- 15 नवंबर को गोवर्धन पूजा

- 16 नवंबर को भाई दूज

बाजारों में खरीदारों की जबरदस्त भीड़:-

धनतेरस की खरीदारी के लिए बाजार सजकर तैयार हो चुके हैं। बाजारों में खरीदारों की जबरदस्त भीड़ हो रही है। आलम यह है कि यहां चलना तक मुश्किल हो रहा है। धनतेरस को लेकर सराफा बाजार, इलेक्ट्रोनिक्स बाजार, कपडा व बर्तन बाजार खूब दमक रहे हैं। महाराज बाड़ा से लगे सभी क्षेत्रों में खूब भीड़ हो रही है।

खरीदारी के लिए शुभ मुहुर्त:-

13 नवंबर को धनतेरस पर खरीदारी के लिए पहला मुहूर्त सुबह 7 से 10 बजे तक है। जबकि दूसरा शुभ मुहूर्त दोपहर 01 से 2.30 बजे तक रहेगा। धनतेरस पर पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5.28 से शाम 5.59 बजे तक रहेगा।

झाड़ू खरीदना शुभ होता है:-

मान्यता के अनुसार, धनतेरस के दिन घर में नई चीजें लाने से घर में धन की देवी माता लक्ष्मी और धन के देवता माने जाने वाले भगवान कुबेर का वास होता है। इस दिन नई झाडू खरीदना भी अच्छा माना जाता है। इस दिन झाडू खरीदने का कारण यह है कि झाडू में माता लक्ष्मी का वास माना गया है। अगर धनतेरस पर आप झाडू खरीदकर लाते हैं तो कहा जाता है कि घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर हो जाती है। सोना, चांदी और पीतल की वस्तुओं को खरीदना बेहद शुभ माना गया है।

इनका कहना है:-

'धनतेरस की त्रयोदशी तिथि 12 नवबंर को रात्रि 9.30 बजे शुरू होगी जो 13 नवंबर को शाम 5.59 बजे तक रहेगी। अत: धनतेरस की खरीदारी गुरूवार व शुक्रवार को कर सकते हैं। '

डॉ. हुकुमचंद जैन, ज्योतिषाचार्य

'धनतेरस की खरीदारी 12 व 13 नवंबर को कर सकते हैं। धनतेरस की खरीदारी स्थाई होती है। '

पं. गौरव उपाध्याय, ज्योतिषाचार्य

Updated : 12 Oct 2021 11:14 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top