Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > पूरे शहर की सफाई का जिम्मा निगम पर, खुद के कार्यालयों में गंदगी

पूरे शहर की सफाई का जिम्मा निगम पर, खुद के कार्यालयों में गंदगी

कचरे के लिए बने कचरादान नहीं हो रहीे खाली

पूरे शहर की सफाई का जिम्मा निगम पर, खुद के कार्यालयों में गंदगी
X

ग्वालियर,न.सं.। नगर निगम कार्यालय पर भले ही पूरे शहर की गंदगी साफ करने का जिम्मा है लेकिन नगर निगम खुद के कार्यालयों में ही स्वच्छता का संदेश नहीं दे पा रहा है। नगर निगम कार्यालय परिसर के पीछे निगम कचरा पड़ा हुआ है। जिसकी सफाई नहीं कराई जा रही है। शहर के चौक चौराहों, गली मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों को कचरा मुक्त करने लोगों को प्रेरित करने वाला निगम अपने ही घर में कचरा साफ नहीं कर पा रहा है।

ग्वालियर को कचरा मुक्त बनाने नगर निगम द्वारा नए-नए प्रयोग किए जा रहे है। गली-मोहल्लों और चौक चौराहों की सफाई भी की जा रही है। इसके अलावा महापौर और आयुक्त द्वारा शहर के व्यपारियों, सामाजिक एवं निजी संस्थाओं को भी इस काम में जोड़ा जा रहा है। कचरा मुक्त शहर बनाने सभी वर्ग के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।वहीं निगम कार्यालय परिसर के पीछे कचरादान कचरे से भरा पड़ा हुआ है। जबकि खुद निगमायुक्त हर्ष सिंह व जिलाधीश अक्षय कुमार सिंह स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर सुबह सुबह निरीक्षण कर रहे है।

कई कार्यालय ऐसे जहां लगे गंदगी के ढरे

अगर निगमायुक्त खुद सभी कार्यालयों का निरीक्षण करे तो ऐसे कई कार्यालय है जिनमें गंदगी के ढेर लगे हुए है। इतना ही नहीं शौचलयों की हालत आज भी पहले जैसी ही है। लेकिन इस ओर जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे है।

परीक्षा की घड़ी आई तो सफाई व्यवस्था लडख़ड़ाई

स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 की परीक्षा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। किसी भी दिन दिल्ली की केंद्रीय टीम शहर पहुंचकर स्वच्छता सर्वे शुरू कर सकती है। लेकिन सफाई व्यवस्था बेहतर होने की बजाए लडख़ड़ाती दिख रही है। जानकारों की माने तो यदि यही हाल रहा तो इस बार फिर शहर की स्वच्छता रैंकिंग गिर सकती है।

18 सफाई कर्मचारी मिले अनुपस्थित, दो एक महीने से गायब

उपायुक्त अतिबल सिंह यादव ने मंगलवार को वार्ड 5 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 14 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें से दो कर्मचारी तो एक महीने से ही गायब है। जिन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश् दिए गए है। वहीं अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए है।

उधर उपायुक्त सतपाल सिंह के निरीक्षण में सात कर्मचारी गायब मिले।

बॉक्स

ये कर्मचारी एक महीने से गायब

विकास पुत्र संतोष एवं सुरेश पुत्र शोभाराम 1 माह से अनुपस्थित थे। दोनों कर्मियों को सेवा समाप्ति का अंतिम नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बॉक्स

महापौर के निरीक्षण में कचरेदान गायब

महापौर शोभा सतीश सिकरवार ने आज मंगलवार को शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। शहर को साफ व स्वच्छ रखने के लिए प्रतिदिन सफाई कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। महापौर डॉ. सिकरवार ने सुबह सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासकीय बस स्टैंड एवं बस स्टैण्ड परिसर स्थित दीनदयाल रसोई का निरीक्षण किया। इस दौरान बस स्टैंड से कचरेदान गायब मिले। जिस पर बस स्टेंड पर सफाई के साथ ही डस्टबिन रखे जाने के निर्देश दिए।

Updated : 26 April 2023 12:30 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top