ग्वालियर में महापौर शोभा सिकरवार के नेतृत्व में कांग्रेस ने दिया धरना, राज्य सरकार पर लगाया विकास कार्य में रोड़ा लगाने का आरोप

ग्वालियर/वेबडेस्क। मप्र में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले को राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है।सत्ता में आने की राह देख रही कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने आज ग्वालियर में धरना दिया, खास बात ये रही की इस धरने का नेतृत्व महापौर शोभा सिकरवार ने किया। उन्होंने आरोप लगाया की प्रदेश सरकार विकास कार्यों में रोक लगा रही है क्योंकि जिले में कांग्रेस की नगर सरकार है, इसीलिए मेयर इन काउन्सिल द्वारा लाए गए विकास कार्यों के प्रस्तावों को रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ ग्वालियर की जनता के साथ ही नहीं एक महिला महापौर के साथ भी सौतेला व्यवहार कर रही है।
कांग्रेस महापौर डॉ शोभा सतीश सिकरवार ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित सरकार के इशारे पर मेयर इन काउन्सिल से पास प्रस्तावों को नगर निगम परिषद तक में पहुँचने नहीं दिया जाता उसमें सरकार अड़ंगे लगा रही है , भाजपा की सरकार नहीं चाहती कि एक महिला महापौर अच्छा काम करे और शहर में विकास हो, इसलिए वे आज धरने पर हैं और जब तक जनता के साथ अन्याय होता रहेगा और वे सड़क पर उतरती रहेंगी।उन्होंने कहा कि हमने जब चुनाव लड़ा था तब जनता से वादा किया था कि जल कर माफ़ करेंगे, गार्बेज शुल्क कम करेंगे, मैंने एमआईसी से इसे पास भी किया लेकिन भाजपा के लोग इसे नहीं चाहते इसलिए जनता की भलाई के काम में रोड़ा अटका रहे हैं।
नगर सरकार के साथ सौतेला व्यवहार -
ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस विधायक और महापौर के पति डॉ सतीश सिकरवार ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि 57 साल बाद ग्वालियर में कांग्रेस की महापौर चुनी गई, इसलिए राज्य सरकार ग्वालियर के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है , जो संकल्प एम्आईसी पास कर रही है उसे परिषद् से स्वीकृति नहीं मिल रही, शहर का विकास रुका हुआ है।
ये प्रस्ताव होने है पारित -
कांग्रेस विधायक ने बताया कि जनता की मांग पर गार्बेज शुल्क को कम करने, बकाया जलकर माफ करने का प्रस्ताव एम.आई.सी ने कई महीनें पहले पास किये हैं, मगर नगर निगम अधिकारी जनहित से जुडे प्रस्तावों को परिषद में नहीं भेज रहे हैं। मेयर इन काॅउसिंल ने नगर निगम के दिवंगत महापौरों की प्रतिमायें लगाने का भी प्रस्ताव पास किया हैं, उसे भी लटका कर रखा गया हैं।
कांग्रेस सड़क पर आन्दोलन करेगी
वहीँ धरने में शामिल कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ग्वालियर के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, महापौर ने नगर निगम कर्मचारियों को छठवां-सातवां वेतनमान देने के लिये महापौर ने कई बार अधिकारियों से प्रस्ताव मांगा , मगर भाजपा सरकार के दबाब में प्रस्ताव नहीं दिया गया हैं। इससे भाजपा की कथनी और करनी में अंतर स्पष्ट होता है। लेकिन अब कांग्रेस चुप नहीं रहेगी जनता की भलाई के लिए सड़क पर आन्दोलन करेगी।
श्रेय लेने की राजनीति -
बता दें कि इस साल के अंत में नवंबर-दिसंबर में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने है। इससे पहले प्रदेश की दोनों प्रमुख दल कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी तकरार चल रही है। दोनों ही दल चुनाव से पहले अधिक से अधिक विकास कार्य कर जनता के बीच छवि बनाने में जुटे हुए है। शहर में कांग्रेस की नगर सरकार और राज्य में भाजपा की सरकार होने के कारण विकास कार्यों के श्रेय लेने की राजनीति चल रही है।
