Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > रात में घुली ठंडक, 16 डिग्री से नीचे आया पारा

रात में घुली ठंडक, 16 डिग्री से नीचे आया पारा

अभी दिन में सामान्य रहेगा मौसम, 15 नवम्बर से तेज होगी ठंड

रात में घुली ठंडक, 16 डिग्री से नीचे आया पारा
X


ग्वालियर, न.सं.। मौसम अब शरद ऋतु की ओर बढ़ रहा है। न्यूनतम तापमान में निरंतर गिरावट आ रही है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में लगभग चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। हालांकि अधिकतम तापमान औसत से अधिक होने से दिन का मौसम अभी सामान्य बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर भरोसा करें तो नवम्बर के दूसरे सप्ताह के बाद दिन के मौसम में भी ठंडक घुल जाएगी।

पिछले कुछ दिनों से आसमान में कभी घने तो कभी आंशिक बादल छाए रहने और दक्षिणी हवाएं आने से तापमान औसत से ऊपर चल रहा था, लेकिन अब मौसम शुष्क हो गया है। भोपाल के सेवानिवृत्त मुख्य मौसम विज्ञानी डी.पी. दुबे ने बताया कि अब उत्तर व उत्तर-पश्चिम से शुष्क हवाएं आना शुरू हो गई हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही हवा में नमी भी घट गई है। इससे सुबह-शाम और रात के मौसम में ठंडक घुलना शुरू हो गई है। इसी प्रकार अब ठंड का असर निरंतर बढ़ेगा। आगामी 15 नवम्बर तक न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच जाएगा, तब दिन में भी ठंड महसूस होने लगेगी।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि अधिकतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी प्रकार आज सुबह हवा में नमी 64 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य से पांच प्रतिशत अधिक है, जबकि शाम को हवा में नमी 46 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सामान्य है।

Updated : 12 Oct 2021 11:21 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top