Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भिंड > मुख्यमंत्री ने विकास यात्रा को दिखाई हरी झंडी, कहा - ये जनता की जिन्दगी बदलने का अभियान

मुख्यमंत्री ने विकास यात्रा को दिखाई हरी झंडी, कहा - ये जनता की जिन्दगी बदलने का अभियान

मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के स्वीकृति-पत्र और हितलाभ का होगा वितरण

मुख्यमंत्री ने विकास यात्रा को दिखाई हरी झंडी, कहा - ये जनता की जिन्दगी बदलने का अभियान
X

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में आज संत रविदास जयंती से शुरू हुई विकास यात्रा जनता की जिन्दगी को बदलने का अभियान है। संत रविदास अद्भुत संत थे। उनकी पंक्तियाँ- "ऐसा चाहूं राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न, छोटे-बड़ों सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न" पर केन्द्र और हमारी सरकार कार्य कर रही है।

हमारा संकल्प गरीबों का कल्याण है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में गाँव-गाँव और वार्डों में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान चला कर ऐसे परिवारों को चिन्हित किया गया, जो शासकीय योजना का लाभ लेने से वंचित थे। अभियान में 83 लाख पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें स्वीकृति-पत्र वितरण का कार्य किया जा रहा है। आज चंबल संभाग के 3 लाख 77 हजार नये हितग्राहियों को 38 विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति-पत्र वितरित किये गये हैं। इन सभी हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जायेगा। विकास यात्रा के दौरान भी शेष रहे पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ने की अहम कार्यवाही की जाएगी।


मुख्यमंत्री चौहान रविवार को भिंड जिले में विकास यात्रा की शुरूआत, मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में स्वीकृति-पत्र वितरण और विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विकास यात्रा के रथों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। साथ ही विकास यात्रा के गीत का अनावरण किया। कार्यक्रम की शुरूआत कन्या-पूजन और संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री ने भिण्ड में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत करने और भिण्ड नगर पालिका को नगर निगम बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के जन्म-स्थल को भी मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना से जोड़ा जाएगा। तीर्थ-दर्शन योजना में मार्च माह से बुजुर्गों को अब हवाई जहाज से भी तीर्थ-दर्शन कराएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से हम विकास यात्राओं की शुरूआत कर रहे हैं। यह यात्राएँ सभी ग्रामों एवं शहरी वार्डों में जाएगी। यह यात्राएँ कोई कर्मकांड नहीं होगी, यह जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है। विकास यात्रा का मकसद शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना हैं। उन्होंने कहा कि विकास यात्राओं में लोकार्पण, शिलान्यास और हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा। इसी के साथ शासन की योजनाओं से छूटे हुए व्यक्तियों के नाम जोड़ कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मैं अपनी बहनों की जिंदगी को आसान बनाता चाहता हूँ। पूर्व से संचालित योजनाओं के साथ अब "लाड़ली बहना" योजना मेरी बहनों की जिंदगी सँवारेगी। योजना में बहनों को हर माह एक हजार रूपये और साल में 12 हजार रूपये और 5 साल में 60 हजार रूपये देने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो कहीं नहीं हुआ, वह मध्यप्रदेश में हुआ है। जो किसी ने नहीं किया वह आपका भाई शिवराज करेगा। मुझे प्रसन्नता है कि मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान से प्रदेश में 83 लाख ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है जो शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की पात्रता रखते हैं। इन सभी नागरिको को 38 विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित करने स्वीकृति-पत्र वितरण कार्य प्रदेश में चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएँ चला रही है। गरीब के लिए राशन, पढाई, दवाई और आवास की व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। भू-माफियाओं से शासकीय जमीन छुड़ाकर गरीबों के लिए आवास बनाये जा रहे हैं। आयुष्मान योजना में कार्डधारी परिवारों को एक साल में 5 लाख तक रुपये की उपचार सुविधा भी दी जा रही है। लाड़ली लक्ष्मियों और गरीब एवं मध्यम वर्गीय प्रतिभाशाली बच्चों की उच्च शिक्षा की फीस भी राज्य सरकार द्वारा भरी जा रही है। भिण्ड जिले में 48 बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए 25 हजार रूपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही मेधावी छात्र योजना में बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 1600 से अधिक बच्चों को लेपटॉप वितरित किये जा चुके हैं।

उन्होंने प्रदेश की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि से 2 लाख 25 हजार करोड़ रुपये किसानों के खातो में डाले गए हैं। उन्होंने कहा कि कनेरा सिंचाई योजना भी स्वीकृत हो गई है। हमे 65 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई सुविधा बढ़ाना है। उन्होंने भिण्ड के अधिकारियों से कहा कि वे सिंचाई के प्रस्ताव बनाये। हम सभी प्रस्तावों को स्वीकृत करेंगे। उन्होंने कहा कि एक भी खेत पानी से वंचित नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने विकास और जनता की भलाई के लिए साथ चलने का संकल्प भी दिलाया।

कार्यक्रम में राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री ओपीएस भदौरिया, क्षेत्रीय सांसद संध्या राय और विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में चंबल संभाग के जिलों के हितग्राही एवं नागरिक उपस्थित थे।

Updated : 12 Feb 2023 5:50 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top