ग्वालियर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दी सौगात, 1000 बिस्तर एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का लोकार्पण किया

ग्वालियर/वेबडेस्क। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ग्वालियर में नवनिर्मित 1000 बिस्तर अस्पताल एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर प्रदेश के मंत्रीगण तुलसीराम सिलावट, प्रद्युम्न सिंह तोमर, भारत सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, खाद्य बीज निगम अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, संभाग आयुक्त दीपक सिंह, आईजी डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, एसएसपी राजेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार, डीन मेडिकल कॉलेज, डॉक्टर्स सहित अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री चौहान ने केन्द्रीय मंत्रीद्वय तोमर और सिंधिया के साथ नवनिर्मित अस्पताल का भ्रमण कर यहाँ उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही नवनिर्मित अस्पताल में स्थापित पैथोलॉजी एवं आयुष्मान कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नवनिर्मित 1000 बिस्तर अस्पताल एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के बनने से ग्वालियर अंचल को और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
