Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > ग्वालियर में दुष्कर्म के आरोपी घर पर चला 'मामा का बुलडोजर', महिलाओं ने किया विरोध

ग्वालियर में दुष्कर्म के आरोपी घर पर चला 'मामा का बुलडोजर', महिलाओं ने किया विरोध

एंटी माफिया अभियान के तहत जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

ग्वालियर में दुष्कर्म के आरोपी घर  पर चला मामा का बुलडोजर, महिलाओं ने किया विरोध
X

ग्वालियर। मप्र में माफियों और बच्चियों से दुष्कर्म के आरोपियों की संपत्ति पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बुलडोजर लगातार चल रहा है। इसी क्रम में आज ग्वालियर में बलात्कार के आरोपी चतुर्भुज राठौर की संपत्ति पर मामा का बुलडोजर चला। पुलिस थाना माधौगंज में आरोपी चतुर्भुज के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देश पर अनुविभागीय दण्डाधिकारी ग्वालियर सिटी श्री प्रदीप तोमर के नेतृत्व में गई संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को किया।


दरअसल, सुभाष नगर में रहने वाले आरोपित चतुर्भुज राठौर ने 11 साल की बच्ची को चॉकलेट दिलाने का बहाना बनाकर हवस का शिकार बनाया था। ये घटना माधौगंज थाना के रॉक्सी पुल 24 मार्च को घटित हुई थी।इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था। इसके बाद आज आरोपित का घर तोड़ने की कार्रवाई की गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।


अनुविभागीय दण्डाधिकारी श्री तोमर ने बताया कि असमाजिक तत्व चतुर्भुज द्वारा मासूम बालिका के साथ किए गए जघन्य अपराध से समाज में रोष व्याप्त था। उन्होंने बताया कि कोई भी असमाजिक तत्व इस प्रकार के जघन्य अपराध की जुर्रत न कर सके, इस उद्देश्य से प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप एंटी माफिया अभियान के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। श्री तोमर ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के आरोपी के जिस मकान को ध्वस्त किया गया है उसकी कीमत लगभग 80 लाख रूपए आंकी गई है। इस दौरान आरोपी के परिवार की महिलाओं ने जमकर विरोध किया। उन्होंने बताया कि एंटी माफिया अभियान के तहत असमाजिक तत्वों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Updated : 2 April 2022 8:24 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top