Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > कमलनाथ का विरोध कर रहे भाजयुमो पर पुलिस ने भांजी लाठियां

कमलनाथ का विरोध कर रहे भाजयुमो पर पुलिस ने भांजी लाठियां

भाजपा ने फूलबाग पर दिया धरना

कमलनाथ का विरोध कर रहे भाजयुमो पर पुलिस ने भांजी लाठियां
X

ग्वालियर, न.सं.। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से पंद्रह महीने के कार्यकाल में ग्वालियर-चंबल संभाग से सौतेला व्यवहार करने का जवाब मांगने के लिए भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा ने घेराव एवं प्रदर्शन किया। भाजपा ने जहां फूलबाग पर धरना दिया। वहीं भाजयुमो ने पड़ाव चौराहे पर पांच घंटे तक प्रदर्शन कर कमलनाथ को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांजी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

धरने को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कमलनाथ को घेरते हुए कहा कि आज जिस प्रकार कोरोना महामारी में जीवन बचाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी है, ठीक उसी प्रकार देश के विकास के लिये जरूरी है कि जनता कांग्रेस से दूरी बनाकर चले। क्योंकि कांग्रेस देश और प्रदेश के विकास के फेंफड़ों में इन्फेक्शन पैदा करती है। विकास में अवरोध पैदा करती है। मध्यप्रदेश में 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने ग्वालियर-चंबल की लगातार उपेक्षा की। चाहे वह ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में बायपास सर्जरी का मामला हो, चंबल के पानी को ग्वालियर लाने का मामला हो या फिर चंबल एक्सप्रेस-वे को ठण्डे बस्ते में डालने की बात हो, ग्वालियर-चंबल की जनता अब जवाब मांगती है, जिसका सामना कमलनाथ को करना चाहिए और माफी मांगना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने युवाओं, माता-बहनों, बुजुर्गों हर वर्ग के साथ अन्याय किया। उन्होंने अपने वचन-पत्र में जो वादे किये थे, वो एक भी वादा पूरा नहीं कर पाए। धरने को वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश शर्मा, साडा के पूर्व अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, अभय चौधरी, राकेश जादौन, जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुधीर गुप्ता, वरिष्ठ नेता बाल खाण्डे, रामसुंदर सिंह आदि ने भी संंबोधित किया। इस अवसर पर पारस जैन, जितेन गुर्जर, ब्रिजेन्द्र जादौन, महेश उमरिया, कनवर मंगलानी, रामेश्वर भदौरिया, राजू सेठ, अखिलेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।

भाजयुमो का पांच घंटे प्रदर्शन, कांग्रेसियों व पुलिस से हुई बहस

कलाविथिका पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने काले झण्डे लहराकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान युवा मार्चा के कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ वापस जाओ, कमलनाथ शर्म करो जैसे नारे भी लगाएं। कार्यकर्ताओं ने दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन किया और कमलनाथ को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस और कांग्रेसियों से तीखी बहस भी हुई। हालांकि बाद में पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। कार्यकर्ताओं को सख्ती के साथ रोका गया। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विवेक चौहान ने बताया कि कांग्रेस पार्टी युवाओं का हमेशा अपमान करती रही है। इसलिये आज युवा उनसे जवाब मांगने के लिये एकत्रित हुए हैं। श्री चौहान ने कहा कि कमलनाथ को प्रदेश की जनता से किये गये अपमान का जवाब देना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में चंद्रप्रकाश मिश्रा, विनय जैन, विक्रांत भदौरिया, प्रतीक तिवारी, निर्दोष शर्मा, हरीश यादव, गिर्राज व्यास, विक्कू राजावत, सचिन पचौरी, निखिल विजयवर्गीय, राहुल प्रताप भदौरिया, रामू जादौन, मयंक महाजन सहित युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Updated : 19 Sep 2020 1:00 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top