Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > अपने जीवन के अंतिम समय तक स्व. कोठेकर जी कर्मरत रहे: राजेंद्र बांदिल

अपने जीवन के अंतिम समय तक स्व. कोठेकर जी कर्मरत रहे: राजेंद्र बांदिल

स्व. अरविंद कोठेकर को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि

अपने जीवन के अंतिम समय तक स्व. कोठेकर जी कर्मरत रहे: राजेंद्र बांदिल
X

ग्वालियर, न.सं.। अपने जीवन के अंतिम समय तक स्व. कोठेकर जी कर्मरत रहे। प्रचारक के रूप में उन्होंने कई स्वयंसेवक गढ़े। संगठन मंत्री के रूप में उन्होंने पार्टी संगठन को खड़ा करने में योगदान दिया। स्व. अरविंद जी को जो भी काम मिला उसे पूरी तन्मयता से किया। हर जिम्मेदारी को निभाया और अपने परिश्रम तथा प्रमाणिकता के साथ खुद को सिद्ध किया। स्व. अरविंद जी भले ही अब हमारे बीच न हों, लेकिन वे एक सहज, सरल, उत्साही व्यक्ति, एक सहयोगी, मार्गदर्शक, कुशल संगठक और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में हमारी स्मृति में हमेशा जीवित रहेंगे। यह बात रविवार को मुख्य वक्ता राजेन्द्र बांदिल ने भाजपा जिला कार्यालय मुखर्जी भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाजपा के पूर्व संभागीय संगठन मंत्री, पूर्व प्रचारक एवं प्रशिक्षण विभाग के प्रदेश संयोजक रहे स्व. अरविंद कोठेकर जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कही।

सांसद विवेक नारायण शेजवलकर जी ने कहा कि स्व. कोठेकर जी व्यक्तित्व और कृतित्व से कार्यकर्ताओं के लिए पाठशाला थे। उन्होंने संगठन मंत्री के रूप में और प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के संयोजक के रूप में जो काम किया है वह भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा स्मरणीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके किए गए कार्यों को आगे बढ़ाए, यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि स्व. अरविंद कोठेकर जी के सानिध्य में काम करने का मुझे सौभाग्य नहीं मिला, लेकिन संगठन से उनके बारे में जो सुना कि वे दृढ़ निश्चयी और स्पष्टवादिता के धनी थे। उन्होंने 38 नंबर कार्यालय से जो सेवा कार्य प्रारंभ किया था उस सेवा कार्य को निरंतर जारी रखना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने कहा कि अपनी चौतन्यता और कर्मठता से प्रशिक्षण के माध्यम से नए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित किया ताकि वो राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन कर सकें।

स्व. कोठेकर जी सरल सहज रूप से कार्यकर्ताओं से संवाद करते थे और संगठन एवं राष्ट्र निर्माण में एक कार्यकर्ता की क्या भूमिका हो, इस पर प्रशिक्षण के माध्यम से विशेष बल देते थे। उनका अचानक जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि सभा को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश सोलंकी ने भी संबोधित किया। संचालन महेश उमरैया ने व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश शर्मा, अभय चौधरी, जयप्रकाश राजौरिया, अरविंद राय, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, उदय अग्रवाल, श्रीमती सुमन शर्मा, बृजेंद्र सिंह जादौन, अशोक जादौन, रामेश्वर भदौरिया, कनवर मंगलानी, रेखा धोलाखंडी, अशोक शर्मा, गोकुल कैबरे, प्रमोद खंडेलवाल, दीपक शर्मा, राकेश खुरासिया, विनोद शर्मा, चेतन मंडलोई, गंगाराम बघेल, राजू सेंगर, बिरजू शिवहरे, अशोक जैन सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावांजलि अर्पित की।

Updated : 12 Oct 2021 11:15 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top