Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा 5 सितंबर से संभावित, बना रोड मैप

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा 5 सितंबर से संभावित, बना रोड मैप

तीन सत्रों में चली बैठक में केंद्रीय टोली एवं संभागीय टोलियां को दिए निर्देश

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा 5 सितंबर से संभावित, बना रोड मैप
X

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव को लेकर कितनी मुस्तैद और गंभीर है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे की दिन प्रदेश की 230 विधानसभा में निकलने वाली जन आशीर्वाद यात्रा का रोड मैप भी बना लिया गया। इसके लिए केंद्र व प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को होटल आदित्याज में तीन सत्रों में केन्द्रीय व संभाग की टोलियों की बैठक ली। जिसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर,सह प्रभारी व रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी, केंद्रीय टोली के संयोजक भूपेंद्र सिंह ने मार्गदर्शन दिया।

बैठक में तय हुआ कि प्रदेश भर में पांच स्थानों ग्वालियर चंबल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और बिंध्य बुंदेलखंड से एक साथ जन आशीर्वाद यात्राएं प्रारंभ होंगी। यद्यपि इसके लिए अभी कोई तारीख तय नहीं की गई है लेकिन इसके 5 सितंबर से शुरू होने की संभावना है। बैठक में केंद्रीय टोली एवं संभागीय टोलियों से 25 अगस्त तक तैयारियों की जानकारी और रूट प्लान तैयार कर भोपाल आने को कहा गया।

एक दिन में तीन विधानसभाओं में पहुंचेंगी

जन आशीर्वाद यात्रा एक दिन में तीन विधानसभा में पहुंचेगी। इस दौरान बड़ी रैली और सभाओं के अलावा रथ सभाएं भी होगी। इनमें केंद्र और प्रदेश के वरिष्ठ नेता व स्टार प्रचारक शामिल होकर सभाएं लेंगे। रथ यात्रा में चलने वाली टोली रात्रि विश्राम ऐसी जगह करेगी जहां कम से कम 100 लोगों के ठहरने की व्यवस्था हो।

ग्वालियर चंबल की शुरुआत श्योपुर से

ग्वालियर चंबल अंचल की जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत श्योपुर से होगी। ग्वालियर चंबल जन आशीर्वाद यात्रा के संयोजक रणवीर रावत हैं। सदस्यों में प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी, मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, इमरती देवी, सुमन शर्मा, हमीर सिंह गुर्जर, जयप्रकाश राजोरिया, अनूप भदौरिया, मनीष राजोरिया, सुरेंद्र शर्मा, रविंद्र चौहान एवं विवेक शर्मा हैं।

जिले की बैठकें आज

बैठक में तय हुआ कि जिलों की बैठक मंगलवार को रखी जाए जिसमें जिलाध्यक्ष को निर्देश दिए गए हैं कि वह जन आशीर्वाद यात्रा का एक जिला प्रभारी और विधानसभा प्रभारी भी बनाएं।

यह रहे मौजूद

वरिष्ठ नेताओं के अलावा केंद्रीय टोली के संयोजक भूपेंद्र सिंह, विनोद गोटिया, लता वानखेड़े, ओमप्रकाश धुर्वे, रामलाल रोतेले, बृजेंद्र सिंह जादौन लालजी, अश्वनी राय एवं महेंद्र सिंह सोलंकी।

21 को समापन 25 को कार्यकर्ता महाकुंभ: वीडी शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने जन आशीर्वाद यात्रा की संयुक्त बैठक के बाद बताया कि समूचे प्रदेश में निकलने वाली पांच जन आशीर्वाद यात्राओं की तैयारी के लिए यह बैठक आयोजित की गई। जन आशीर्वाद यात्रा सभी 230 विधानसभाओं में पहुंचेगी। इसका समापन 21 सितंबर को होगा। इसके बाद 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन होगा। जिसमें 10 लाख कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। कार्यकर्ताओं को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा गरीब विकास कल्याण के लिए पेश किए रिपोर्ट कार्ड को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। हम बड़े ही सूक्ष्म तरीके से इन बातों पर जमीन पर उतारने का काम करेंगे ताकि और भी नीचे तक पहुंचा जा सके। उन्होंने बताया कि श्री साहब द्वारा मध्य प्रदेश के मन में मोदी सदस्यता अभियान लॉंच किया गया है। इसमें नए और नौजवान साथियों को व्यापक रूप से जोडऩे का अभियान चलाया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा की पहली सूची के बाद अब दूसरी और तीसरी सूची भी आ जाएगी। गुटबाजी और नेताओं के टूटकर कांग्रेस में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारे पास कांग्रेस से 28 विधायक टूट कर आए थे इनमें से कोई भी नहीं जाने वाला।

पन्ने के बाद बनाया अर्ध पन्ना

श्री शर्मा ने कहा कि बूथ के अलावा प्रत्येक पन्ने को जीतने पर जोर दिया गया है। इतना ही नहीं अब अर्धपन्ना भी बनाया गया है हमारा संकल्प है कि हम सबसे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

कार्यकर्ताओं की सलंग्नता चरम पर: तोमर

बैठक में मौजूद रहे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि चुनावी तैयारियों का रोड मेप बनकर तैयार हो चुका है। कार्यकर्ताओं की इसमें संलग्नता चरम पर है। उन्होंने बताया कि चुनाव के पूर्व अब दो कार्य और होने हैं पहला जन आशीर्वाद यात्रा और दूसरा कार्यकर्ता महाकुंभ। उन्होंने कहा की प्रदेश कार्यसमिति में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन के बाद जनप्रतिनिधियों, राजनेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा जोश है, यही ऊर्जा हमें विजय की ओर ले जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को कांग्रेस ही गंभीरता से नहीं लेती। दंगों को लेकर दिया गया उनका बयान उन पर ही चिपकता है। केजरीवाल के चाचा वाले बयान पर उन्होंने कहा कि वह अपनी दिल्ली संभाले उनका बयान हास्यास्पद है।

Updated : 21 Aug 2023 11:30 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top